Punjab

Punjab: पटियाला में सुव्यवस्थित आर्मी रैली, प्रशासनिक तालमेल ने रच दिया मॉडल

पंजाब राजनीति
Spread the love

फौजी भर्ती के लिए युवाओं में उत्साह बढ़ा, 8 दिन की रैली में 6 जिलों के 10 हजार से अधिक उम्मीदवार पहुंचे

इस बार पिछले सालों की तुलना में ज्यादा तैयारी करके आए युवा, फिजिकल टेस्ट की पास दर भी बढ़ी

डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने भर्ती रैली प्रबंधों का किया निरीक्षण

कहा, सेना की पारदर्शिता, पेशेवर दक्षता और युवाओं की बड़ी भागीदारी के चलते पटियाला की भर्ती रैली सफल रही

जिला प्रशासन ने युवाओं के लिए सुबह और दोपहर के भोजन सहित चाय-पानी की सेवा कर सफल भर्ती रैली की मिसाल कायम की – कर्नल ए. राजा

Punjab News: भारतीय सेना में भर्ती के लिए पटियाला में आयोजित 8 दिवसीय आर्मी भर्ती रैली सेना और सिविल प्रशासन के बेहतर एवं सुव्यवस्थित तालमेल के चलते एक मॉडल भर्ती रैली के रूप में उभरी है। अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास करने वाले पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, मानसा, बरनाला और मालेरकोटला के उम्मीदवारों ने इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक जोश और उत्साह दिखाया, जिसके चलते करीब 10 हजार युवा इस भर्ती रैली में शामिल हुए। इसकी प्रशंसा भारतीय सेना के उच्च अधिकारियों ने भी की है। सेना के अधिकारियों के अनुसार इस बार युवाओं के फिजिकल टेस्ट पास करने की दर भी काफी बढ़ी है और यह लगभग 65 प्रतिशत से ऊपर है।

इसी दौरान भारतीय सेना की पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वधवा ने भी पटियाला के राजा भलिंदर सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पोलो ग्राउंड में आयोजित इस 8 दिवसीय अग्निवीर भर्ती रैली का निरीक्षण किया। उन्होंने सेना में शामिल होने की उम्मीद के साथ भाग ले रहे युवाओं का उत्साहवर्धन किया और ज़ोनल रिक्रूटिंग ऑफिस (ZRO) जालंधर द्वारा खड़गा कोर, एरावत डिवीजन और जिला सिविल प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से आयोजित इस सफल भर्ती रैली के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

ये भी पढ़ेंः Punjab: पंजाब सरकार का ऐतिहासिक कदम पिछड़ी श्रेणियों के लिए पहली बार बनाए जा रहे 2 आधुनिक हॉस्टल

आज सुबह डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने भी भर्ती रैली का निरीक्षण किया और आर्मी भर्ती के डायरेक्टर कर्नल जी.आर.एस. राजा एवं कर्नल विनोद सिंह रावत के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सेना की पारदर्शिता, पेशेवर दक्षता और युवाओं की बड़ी भागीदारी के चलते पटियाला की भर्ती रैली सफल रही है। डॉ. यादव ने युवाओं द्वारा देश सेवा के लिए बढ़-चढ़कर आगे आने के उत्साह की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय सेना को हर तरह का आवश्यक सहयोग प्रदान किया है।

कर्नल ए. राजा ने बताया कि भारतीय सेना द्वारा हाल ही में किए गए “ऑपरेशन सिंधूर” का असर साफ दिखाई दिया और इस बार की भर्ती रैली में राज्य के 6 जिलों की 24 तहसीलों और 2539 गांवों के युवाओं में सेना भर्ती के प्रति खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि यह भी खुशी की बात है कि इस बार सेना ने रिक्तियां बढ़ाकर दोगुनी कर दी हैं, जिससे यहां के युवाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया और टेस्ट पास करने वालों की संख्या पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई, जो एक सकारात्मक रुझान है।

ये भी पढ़ेंः Punjab: भारतीय सेना के शहीद ए.एल.डी. दलजीत सिंह को अंतिम अरदास पर भावभीनी श्रद्धांजलि

धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कर्नल राजा ने कहा कि पटियाला जिला प्रशासन ने युवाओं के लिए सुबह और दोपहर के भोजन सहित चाय-पानी की सेवा कर सफल भर्ती रैली की मिसाल कायम की है और सेना के उच्च अधिकारियों ने इसे एक मॉडल रैली माना है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के संयुक्त प्रयासों से यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, प्रभावी और निष्पक्ष बनी है। पटियाला भर्ती रैली की सफलता से यह स्पष्ट होता है कि भारतीय युवाओं में रक्षा सेवाओं में करियर बनाने की दिलचस्पी बढ़ रही है और सेना ऐसे रुझान को बदलते सुरक्षा माहौल में अपनी तैयारी बनाए रखने के लिए अहम मानती है।