Punjab News

Punjab News: मनीष सिसोदिया ने युवाओं से किया आह्वान, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से खत्म होगी सामाजिक और आर्थिक असमानता

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को सीटी यूनिवर्सिटी, लुधियाना में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश से जोड़ना था।

युवाओं को सामाजिक बदलाव का नेतृत्व करने का न्यौता

सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने युवाओं से आह्वान किया कि वे श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपनाकर समाज में फैली सामाजिक और आर्थिक असमानता को खत्म करने की दिशा में नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि आज भी शिक्षा, आर्थिक अवसरों और सामाजिक व्यवस्था में असमानता देखने को मिलती है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है।

देश की आर्थिक असमानता पर उठाए सवाल

मनीष सिसोदिया ने देश में बढ़ती आर्थिक विषमता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत की 140 करोड़ आबादी में से करीब 40 प्रतिशत संपत्ति केवल 1.5 करोड़ लोगों के हाथों में केंद्रित है, जबकि देश की आधी आबादी के पास मात्र 6 प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति समाज में असंतुलन पैदा करती है।

Punjab News
Punjab News

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि देश की मौजूदा शिक्षा प्रणाली में बड़े सुधारों की आवश्यकता है ताकि युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाया जा सके।

भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने की अपील

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं और गुरु रविदास जी के सपनों के अनुरूप समानता आधारित समाज के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों और सेमिनारों के जरिए गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मिस्ड कॉल अभियान की शुरुआत

इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने युवाओं के लिए एक विशेष मिस्ड कॉल अभियान (9090029090) भी शुरू किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जागरूकता और समानता के मिशन से जोड़ना है।

पंजाब सरकार समानता आधारित समाज के लिए प्रतिबद्ध

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब के आदर्शों के अनुरूप समावेशी और बराबरी वाले समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेमिनार युवाओं के मन में सामाजिक न्याय, आर्थिक असमानता और भेदभाव से जुड़े सवालों के समाधान में मदद करते हैं।

Punjab News
Punjab News

संत केवल सिंह ने युवाओं को दी प्रेरणा

इस मौके पर श्री खुरालगढ़ साहिब से पहुंचे संत केवल सिंह ने युवाओं से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 650 वर्ष पहले गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए समान अवसर और बराबरी के सिद्धांत आज भी समाज के लिए बेहद प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में सीटी यूनिवर्सिटी के चांसलर चरणजीत सिंह चन्नी, प्रो-चांसलर डॉ. मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, एसडीएम लुधियाना वेस्ट कुलदीप बावा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।