Punjab News: गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब की झांकी नहीं होगी शामिल..CM मान ने केंद्र पर कसा तंज

दिल्ली NCR

Punjab News: पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) ने गणतंत्र दिवस (Republic Day) परेड में पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किए जाने पर केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की है। सीएम भगवंत सिंह मान ने केंद्र की BJP सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस साल भी पंजाब की झांकी को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किया गया है। सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने पंजाब (Punjab) के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली दोनों ही चयनित झांकी वाली सूची में नहीं हैं।
ये भी पढ़ेंः चंडीगढ़ की तरह चमकेगा पटियाला..CM भगवंत मान ने किया ऐलान

Pic Social Media

फतेहगढ़ साहिब (Fatehgarh Sahib) का दौरा के बाद सीएम मान चंडीगढ़ में संवाददाताओं को संबोधित किया। सीएम भगवंत मान ने बताया कि बुधवार को उन्हें केंद्र से एक लेटर मिला है। लेटर में बताया गया कि पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किया गया है। झांकी को शामिल नहीं किए जाने का कारण पूछने पर सीएम मान ने कहा कि उन्हें सिर्फ चयनित झांकियों की सूची के बारे में ही जानकारी दी गई है।
सीएम ने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर हर साल अलग-अलग राज्य अपनी झांकियों के माध्यम से अपनी संस्कृति और परंपरा को देश के सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस साल केंद्र ने राज्य को एक पत्र लिखकर झांकी के संबंध में हमारी इच्छा के बारे में जानकारी मांगी थी। चार अगस्त 2023 को हमने एक पत्र लिखा। इसमें जिक्र किया गया था कि सिर्फ जनवरी 2024 में ही नहीं बल्कि 2025 और 2026 में भी हमारी झांकी को शामिल किया जाए।

सीएम भगवंत मान ने आगे कहा कि हमने चयन के लिए पंजाब से तीन झांकियों का प्रस्ताव रखा। इसके लिए डिजाइन भी दिए गए और हमारे अधिकारियों ने केंद्र के साथ इस संबंध में मीटिंग भी की। उन्होंने कहा कि ये तीन झांकियां ‘पंजाब कुर्बानिया अते शहादतां दा इतिहास’, ‘नारी शक्ति: माई भागो’ (सिख धर्म की पहली महिला योद्धा) और ‘पंजाब दा अमीर विरसा ते ओडी पेशकारी’ थीं।
मान ने कहा कि चयनित राज्यों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, राजस्थान, ओडिशा, मणिपुर, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गोवा, मेघालय, लद्दाख, कर्नाटक, झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़, असम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश शामिल हैं।