Punjab News:’मुख्यमंत्री मांवां धियां सत्कार योजना’ से 36–59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को सबसे अधिक लाभ, सरकार ने जारी किए आंकड़े

पंजाब
Spread the love

Punjab News: चंडीगढ़, 20 जुलाई। पंजाब सरकार ने कहा है कि ‘मुख्यमंत्री मांवां धियां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 33 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि भेजी जा चुकी है। सरकार के अनुसार, इस योजना का सबसे अधिक लाभ 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को मिला है, जो परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों के सबसे महत्वपूर्ण दौर में होती हैं।

36–59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक

सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल लाभार्थियों में 36–45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की हिस्सेदारी 25.2 प्रतिशत और 46–59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की हिस्सेदारी 25.4 प्रतिशत है। इस प्रकार, योजना के कुल लाभार्थियों में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं 36 से 59 वर्ष के आयु वर्ग की हैं।

सरकार का कहना है कि इस आयु वर्ग की महिलाओं पर बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, ऋण की किश्तें, बुजुर्गों की देखभाल और अन्य घरेलू जिम्मेदारियों का सबसे अधिक भार होता है, ऐसे में यह मासिक सहायता परिवार के खर्चों में सहयोग कर रही है।

33 लाख से अधिक महिलाओं को मिली पहली किस्त

सरकार के मुताबिक, 25 जून 2026 तक पंजीकरण पूरा करने वाली 33 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है। वहीं, शेष पात्र महिलाओं को अगली किस्त 1 अगस्त को जारी की जाएगी। अब तक इस योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है।

लाभार्थियों ने बताई योजना से मिली राहत

फाजिल्का की लाभार्थी सुनीता रानी ने कहा कि मासिक सहायता से उन्हें अपने बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग करने का अवसर मिला। उनके अनुसार, इस राशि से बेटे की स्कूल फीस जमा करने में मदद मिली और इससे परिवार पर आर्थिक दबाव कम हुआ।

फिरोजपुर की पच्छो ने बताया कि उन्होंने सहायता राशि का उपयोग अपने इलाज और घरेलू जरूरतों पर किया। उन्होंने कहा कि इससे वह अपने नाती की स्कूल फीस भरने में भी सक्षम हुईं।

फाजिल्का की प्रीति, जो घरेलू कामगार हैं, ने कहा कि इस राशि से उन्होंने अपने दोनों बच्चों की स्कूल फीस जमा की, जिससे परिवार का आर्थिक बोझ कम हुआ।

वहीं, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी करमजीत कौर ने बताया कि उन्होंने इस राशि से नया चश्मा बनवाया और अपनी स्कूटी में पेट्रोल डलवाया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सहायता का उपयोग अपने बेटे की खेल संबंधी जरूरतों पर भी करेंगी।

सरकार ने योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ा

पंजाब सरकार का कहना है कि ‘मुख्यमंत्री मांवां धियां सत्कार योजना’ का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उन्हें घरेलू जरूरतों को पूरा करने, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी बढ़ाने और बढ़ती महंगाई के बीच राहत प्रदान करना है। सरकार के अनुसार, विभिन्न जिलों से सामने आए लाभार्थियों के अनुभव इस योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाते हैं।