Bihar News:पटना में पीडीओटी प्रशिक्षक कार्यशाला आयोजित, सुरक्षित विदेशी रोजगार के लिए प्रशिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

बिहार
Spread the love

Bihar News: पटना, 20 जुलाई। बिहार सरकार ने विदेशों में रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं के सुरक्षित और सुव्यवस्थित प्रवासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को पटना में प्रस्थान पूर्व उन्मुखीकरण प्रशिक्षण (PDOT) प्रशिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो द्वारा आयोजित यह कार्यशाला नियोजन भवन स्थित प्रतिबिंब सभागार में हुई।

सुरक्षित और पारदर्शी विदेशी रोजगार पर सरकार का जोर

कार्यशाला की अध्यक्षता नियोजन एवं प्रशिक्षण के निदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो के निदेशक सुनील कुमार ने की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के युवाओं को सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण विदेशी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रशिक्षकों से अधिकृत भर्ती एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि युवाओं को सुरक्षित माध्यम से विदेशों में रोजगार मिल सके।

सुरक्षित प्रवासन के विभिन्न पहलुओं पर मिला प्रशिक्षण

कार्यशाला में प्रशिक्षकों को विदेश जाने वाले कामगारों के लिए आवश्यक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें कार्यस्थल पर अधिकार और दायित्व, विभिन्न देशों के श्रम कानून, स्थानीय संस्कृति एवं सामाजिक रीति-रिवाज, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश तथा विदेश में संभावित चुनौतियों से निपटने के उपाय शामिल रहे।

ई-माइग्रेंट पोर्टल और दस्तावेजी प्रक्रिया की जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान ई-माइग्रेंट पोर्टल और विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षकों को लॉग-इन प्रक्रिया, श्रमिकों के पंजीकरण, डेटा एंट्री, बैच प्रबंधन, आवश्यक दस्तावेज, आपातकालीन संपर्क नंबर, भारतीय दूतावास की भूमिका और ऑनलाइन सहायता पोर्टलों के उपयोग की जानकारी दी गई।

विदेश जाने वाले युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे प्रशिक्षक

अधिकारियों के अनुसार, पीडीओटी प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षकों को इस प्रकार तैयार करना है कि वे विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को सुरक्षित, कानूनी और व्यवस्थित प्रवासन के बारे में प्रभावी मार्गदर्शन दे सकें तथा उन्हें ठगी और अन्य संभावित जोखिमों से बचाने में सहायता कर सकें।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक (नियोजन) प्रियंका कुमारी, उप निदेशक (नियोजन) श्याम प्रकाश शुक्ला, उप निदेशक (नियोजन) अश्वजीत कुमार परासर, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के सभी जिलों के नियोजन पदाधिकारी उपस्थित रहे।