Greater Noida

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट दिल्ली NCR
Spread the love

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र का शव उसके पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता करीब दो दिन बाद तब चला, जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

बिहार का रहने वाला था छात्र

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल तिवारी (22) के रूप में हुई है। वह बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के दौरान वह दनकौर कस्बे के एक निजी पीजी में रह रहा था।

कमरे से बदबू आने पर हुआ शक

मंगलवार शाम करीब 5 बजे पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों को राहुल के कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पीजी संचालक और पुलिस को सूचना दी गई।

खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने पहले खिड़की से अंदर देखा, जहां राहुल का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

रविवार रात से नहीं दिखा था छात्र

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राहुल को आखिरी बार रविवार देर शाम पीजी के बाहर देखा गया था। इसके बाद वह किसी को दिखाई नहीं दिया। पुलिस का अनुमान है कि घटना रविवार रात की हो सकती है। दो दिन तक कमरे का दरवाजा बंद रहने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिली। मंगलवार को कमरे से दुर्गंध आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मोबाइल फोन, कमरे से मिले सामान और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। यदि कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।