Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले मेट्रो यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही एक्वा लाइन मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) यानी ‘वन नेशन-वन कार्ड’ की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने एक्वा लाइन के सभी 21 स्टेशनों पर लगे 200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेटों को अपग्रेड करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इच्छुक कंपनियां 30 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को टिकटिंग में अधिक सुविधा मिलेगी और मेट्रो में प्रवेश व निकास पहले से तेज और आसान होगा।
23 करोड़ रुपये खर्च करेगी एनएमआरसी
एनएमआरसी के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह अपग्रेड खासतौर पर जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बढ़ने वाले यात्रियों को आधुनिक और एकीकृत टिकटिंग प्रणाली का लाभ मिल सके।
इसके अलावा, मौजूदा एएफसी गेटों में आने वाली तकनीकी समस्याओं को भी इस अपग्रेड के जरिए दूर किया जाएगा।
चार साल तक एजेंसी करेगी रखरखाव
एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि जिस एजेंसी को यह काम मिलेगा, वह सभी एएफसी गेटों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के अनुरूप अपग्रेड करेगी। साथ ही अगले चार वर्षों तक इन गेटों के रखरखाव और तकनीकी देखरेख की जिम्मेदारी भी उसी एजेंसी की होगी।
2019 से इस्तेमाल हो रहे हैं मौजूदा गेट
एक्वा लाइन मेट्रो सेवा की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। उसी समय सभी स्टेशनों पर एएफसी गेट लगाए गए थे। बाद में इन्हें मोबाइल ऐप आधारित टिकटिंग सुविधा के लिए भी अपडेट किया गया, लेकिन समय के साथ कई स्टेशनों पर इन गेटों में तकनीकी दिक्कतें सामने आने लगीं।
एनएमआरसी का मानना है कि नए अपग्रेड के बाद यात्रियों को अधिक तेज, सुरक्षित और बिना रुकावट टिकटिंग सुविधा मिलेगी। साथ ही भविष्य में दूसरे शहरों की मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के साथ भी बेहतर तालमेल सुनिश्चित होगा।
क्या है ‘वन नेशन-वन कार्ड’?
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) एक ऐसा कार्ड है, जिससे यात्री देश के कई शहरों में मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का भुगतान एक ही कार्ड से कर सकते हैं। इसका उद्देश्य डिजिटल और कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देना और यात्रियों को एकीकृत टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराना है।
