Punjab News: Punjab की NITI Aayog द्वारा जारी नई रिपोर्ट में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने दावा किया है कि पंजाब ने प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की “शिक्षा क्रांति” और पिछले चार वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी और मिडिल स्कूलों को अपग्रेड करने, स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने और शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण देने का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
भाषा और गणित में पंजाब ने केरल को पछाड़ा
नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार तीसरी कक्षा की भाषा परीक्षा में पंजाब ने 82 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि केरल को 75 प्रतिशत अंक मिले। वहीं तीसरी कक्षा के गणित में पंजाब ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि केरल 70 प्रतिशत पर रहा।
इसी तरह नौवीं कक्षा के गणित में भी पंजाब ने 52 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि केरल को 45 प्रतिशत अंक मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साबित करता है कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हुआ है।
डिजिटल शिक्षा में भी पंजाब सबसे आगे
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी पंजाब ने कई राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य के 80.1 प्रतिशत सरकारी स्कूल अब स्मार्ट क्लासरूम से लैस हैं, जबकि हरियाणा में यह आंकड़ा 50.3 प्रतिशत है।
इसके अलावा 88.9 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध है। वहीं 99.9 प्रतिशत स्कूलों में बिजली और 99 प्रतिशत स्कूलों में कंप्यूटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शिक्षा के क्षेत्र में केरल को सबसे आगे माना जाता था, लेकिन अब पंजाब ने बड़े अंतर से उसे पीछे छोड़ दिया है।
‘शिक्षा में निवेश का मिला परिणाम’
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में ईमानदारी से निवेश किया है। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाई गईं, शिक्षकों को बेहतर ट्रेनिंग दी गई और विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगातार चार वर्षों तक शिक्षा सुधारों पर काम किया, जिसका नतीजा अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षा मंत्री और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
पंजाब हर क्षेत्र में बनेगा अग्रणी: भगवंत मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अब शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है और आने वाले समय में हर क्षेत्र में नंबर-1 बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
