स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जनसमूह को संबोधित करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
Punjab News: पंजाब का जालंधर शहर बुधवार को योग से सराबोर हो गया, जब ‘सीएम दी योगशाला’ (CM Di Yogshala) कार्यक्रम के तहत पीएपी ग्राउंड (PAP Ground) में आयोजित राज्य स्तरीय योग शिविर में 21 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। यह राज्य में एक साथ सबसे अधिक लोगों के योग करने का रिकॉर्ड बन गया है। इस भव्य कार्यक्रम की अगुवाई पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह (Minister Dr. Balbir Singh) ने की।
आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में पंजाब के सीएम भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से दोनों नेता मौजूद नहीं हो सके। इसके बावजूद, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, कई विधायकों, हलका इंचार्ज, विभिन्न विभागों के चेयरमैन और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।

ये भी पढ़ेंः Punjab: नशे के खिलाफ मान सरकार का बड़ा वार, ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के 108वें दिन 128 ड्रग तस्कर गिरफ्तार
सुबह 5:15 बजे शुरू हुआ योग सत्र
योग शिविर सुबह 5:15 बजे शुरू हुआ। शुरुआत में योग शिक्षकों ने स्टेज से उपस्थित लोगों और बच्चों को योग के महत्व और लाभ बताए। इसके बाद सभी योग शिक्षकों ने मिलकर हजारों की भीड़ को योग आसन करवाए। आयोजन स्थल पर चारों ओर पुलिस का कड़ा पहरा रहा, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
डॉ. बलबीर सिंह का संदेश
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह (Minister Dr. Balbir Singh) ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, ‘योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित करने का साधन है। इसे अपनाकर हम शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि पंजाब में रोजाना 3,200 योग कक्षाएं आयोजित हो रही हैं, जिनसे करीब 1 लाख लोग लाभ उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहल
डॉ. बलबीर सिंह ने इस पहल का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू किए गए ‘योगशाला’ मॉडल से प्रेरित होकर पंजाब सरकार ने इस कार्यक्रम को शुरू किया। इसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार और नशा मुक्ति अभियान
मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने घोषणा की कि ‘सीएम दी योगशाला’ कार्यक्रम का विस्तार अब ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का भी हिस्सा है। योग के माध्यम से नशे की लत में फंसे युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत कर उन्हें इस बुराई से बाहर निकाला जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः Punjab: CM मान के नेतृत्व में मान सरकार की बड़ी पहल, पशुपालकों को मिल रहा सीधा लाभ
स्थानीय नेताओं का योगदान
योग सत्र के बाद सेंट्रल हलके के आम आदमी पार्टी इंचार्ज और कारोबारी नितिन कोहली ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला और इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

