Haryana के सीएम नायब सिंह सैनी ने गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है।
Haryana News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही लगभग 7 हजार जरूरतमंद परिवारों को 100-100 वर्ग गज के रिहायशी प्लॉट (Residential Plot) आवंटित करेगी। इन लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (Prime Minister Housing Scheme) से जोड़ा जाएगा और घर निर्माण के लिए निर्धारित वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। सीएम सैनी ने यह घोषणा लाडवा विधानसभा क्षेत्र के प्रहलादपुर, बादरपुर और बानी गांवों में आयोजित रैली और जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान की। पढ़िए पूरी खबर…

जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो, जिससे उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
योग्य आवेदकों को मिलेंगे 100 गज के प्लॉट
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत अब तक लगभग 15,500 परिवारों को 30-वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि इस योजना के तहत योग्य आवेदकों को दूसरी किस्त के रूप में अतिरिक्त 30-वर्ग गज के प्लॉट का आवंटन भी जल्द किया जाएगा, जिससे उन्हें स्थायी आवास का लाभ मिल सके।
युवाओं को रोजगार देने पर सरकार का फोकस
सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए जल्द ही नई सरकारी भर्तियों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुसार, शपथ ग्रहण से पहले ही युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए और तीसरी बार सरकार बनने के बाद इस वादे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इतिहास में पहली बार हुआ है जब 25 हजार युवाओं को एक साथ मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गईं।
ये भी पढ़ेंः Haryana सरकार का बड़ा कदम, ई-बसों और चार्जिंग स्टेशनों को मिलेगी रफ्तार
महिलाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य विश्वविद्यालयों में किडनी रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, उन परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 15 लाख महिलाएं पहले ही इस योजना का लाभ उठा रही हैं और योग्य महिलाओं से आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसला, 24 फसलों पर MSP
सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है जिसने सभी 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू किया है। इससे किसानों से किया गया सरकार का वादा पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जलभराव के कारण फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर 116 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इसके अलावा भावांतर भरपाई योजना के तहत बाजरे की फसल खराब होने पर 430 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा किए गए हैं।
ये भी पढ़ेंः Haryana के किसानों को मिलेगी राहत, CM नायब सैनी ने विधानसभा में रखी विस्तृत रिपोर्ट
विकास और कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को केंद्र में रखकर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है और इसी दिशा में राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।
