Delhi में विपक्ष की महारैली..तेजस्वी, अखिलेश समेत तमाम नेता केंद्र सरकार पर बरसे

TOP स्टोरी Trending चुनाव 2024 दिल्ली दिल्ली NCR राजनीति

INDIA Alliance Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार 31 मार्च को I.N.D.I.A. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंचीं। वहीं तेजस्वी, अखिलेश समेत तमाम नेता केंद्र सरकार पर बरसे…
ये भी पढ़ेः Delhi के CM केजरीवाल को बड़ी राहत..कोर्ट ने जेल से सरकार चलाने की दी इजाज़त

Pic Social Media

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करने के लिए tau.id/2iy6f लिंक पर क्लिक करें

रैली को सबसे पहले उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। उद्धव ने कहा- कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल हमारी बहन हैं। जब इस तानाशाही सरकार के खिलाफ हमारी बहनें लड़ रही हैं तो हमारे जैसे भाई पीछे कैसे रह सकते हैं। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि आप अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।

Pic Social Media

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- गरीबों को बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव- मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में क्लिनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को MSP और छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा।

वहीं भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा- आज यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तानाशाही ताकतों ने अपने कदम बढ़ाए हैं, उसका अंत जनता इस चुनाव में कर देगी।

राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग कर रहे हैं। ये देश के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये सरकार (मोदी सरकार) किसी पार्टी के खाते फ्रीज कर देती है, किसी को जेल भेज देती है। इनको लगता है कि डंडे से चला लेंगे। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, ये देश 140 करोड़ लोगों का है।

मोदी किसानों से नहीं, प्रियंका चोपड़ा से मिलते हैं: तेजस्वी यादव

महारैली को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा- हम लोगों ने पहली रैली पटना में की, दूसरी मुंबई में की और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है। जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है। नफरत की राजनीति की जा रही है।

हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है। वे (भाजपा) के लोग नारा लगा रहे हैं तो ऐसा लग रहा है कि पहले से ही EVM सेटिंग हो चुकी है। देश में आघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है। देश में सबसे बड़ा कोई दुश्मन है तो बेरोजगारी है, महंगाई है, गरीबी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का नीजिकरण कर दिया।

हम लोगों ने बिहार में 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया। आज किसान तबाह हैं, युवा परेशान हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को किसानों से मिलने का समय नहीं है। मोदी जी मिलेंगे तो प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे।

ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम भाजपा ने किया: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं।

दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं। आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया।

जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।

ये आपका धन आपसे छीनना चाहते हैं: राहुल

राहुल ने कहा- ये संविधान को क्यों मिटाना चाहते हैं, क्योंकि ये आपका धन आपसे छीनना चाहते हैं। मैंने जति जनगणना की बात की, रोजगार की बात की, क्योंकि देश के सामने यही सबसे बड़े मुद्दे हैं। इसलिए अगर आप लोगों ने दम से वोट नहीं दिया, तो इनकी मैच फिक्सिंग सफल हो जाएगी और देश का संविधान खत्म हो जाएगा।

अगर संविधान खत्म हो गया तो देश के दिल पर बहुत बड़ी चोट होगी। तो ये जो चुनाव है, ये देश को बचाने का, संविधान को बचाने का और गरीबों के हक को बचाने का चुनाव है।

राहुल गांधी ने कहा- इंडिया गठबंधन के सभी नेता जो यहां आए हैं, उनके साथ मैं केजरीवाल जी और सोरेन जी का भी नाम लेना चाहता हूं जो यहां नहीं है, लेकिन दिल से हमसे जुड़े हैं। आज कल IPL के मैच चल रहे हैं। जब बेईमानी से अंपायर पर दबाव डालकर प्लेयर खरीदे जाते हैं, उसे मैच फिक्सिंग कहते हैं। हमारे सामने लोकसभा चुनाव हैं।

मैच किसने फिक्स किए- नरेंद्र मोदी ने। मैच शुरू होने से पहले हमारी टीम से दो खिलाड़ियों को अरेस्ट करके अंदर कर दिया। तो नरेंद्र मोदी जी इस चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे है। उनका 400 का नारा, बिना मैच फिक्सिंग के, बिना सोशल मीडिया और मीडिया पर दबाव डाले 180 से ज्यादा नहीं हो पा रहा है।

जेल से केजरीवाल ने आपके लिए संदेश दिया: सुनीता केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि केजरीवाल जी को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन केजरीवाल जी शेर हैं। जेल से केजरीवाल ने आपके लिए संदेश भेजा है। उन्होंने कहा है कि मैं आपसे वोट नहीं मांग रहा। मैं आपसे किसी को हराने या जिताने को नहीं बोल रहा हूं।

जब कुछ नेता सुबह-शाम लच्छेदार भाषण देते हैं। देश लूटने में लगे रहते हैं तो भारत मां को बहुत गुस्सा आता है। ऐसे लोगों को भारत मां से सख्त नफरत है। आइए एक नया भारत बनाते हैं। जहां हर किसी को खाना मिलेगा, रोजगार मिलेगा, कोई गरीब नहीं होगा। हर एक को अच्छी शिक्षा मिलेगी। हर बीमार को अच्छा इलाज मिलेगा। चाहे वो अमीर हो या गरीब।

पूरा देश सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन के साथ: उद्धव ठाकरे

INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, आप (कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल) चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है। कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर जा रहा है? लेकिन अब ये आशंका नहीं सच्चाई है। भाजपा को लग रहा होगा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने से लोग डर जाएंगे लेकिन उन्होंने अपने देशवासियों को कभी पहचाना नहीं।

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रैली को सबसे पहले संबोधित किया। उन्होंने कहा- केंद्र सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। विपक्ष के नेताओं को ED, CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए धमकाया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों की पत्नियां आज मंच पर आई हैं। हम अपनी बहनों की लड़ाई में भाई बनकर इनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

जनता का वोट ही सबसे बड़ी अदालत: कल्पना सोरेन

कल्पना सोरेन ने कहा- कोई कितना भी बड़ा हो जाए, वो सबसे बड़ा नहीं हो सकता है। सबसे बड़ी है जनता। इसलिए आपको आगामी चुनावों में अपने वोट का सही इस्तेमाल करके इंडिया गठबंधन को जीत दिलानी होगी। दो महीने पहले हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया था। 10 दिन से केजरीवाल जेल में हैं। कोई उनके खिलाफ आरोपों को साबित नहीं कर पाया है। आपका वोट ही सबसे बड़ी अदालत है।

लोकतंत्र बचाना हमारी जिम्मेदारी: शरद पवार

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा-इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। इसे (लोकतंत्र) बचाना हमारी जिम्मेदारी है।

यह मंच अनेकता और विविधता में एकता का: मल्लिकार्जुन खड़गे

INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- यह मंच है अनेकता में एकता, विविधता में एकता है, यह दर्शाने के लिए आज यह सभा आयोजित हुई है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आप लोकतंत्र चाहते हैं या तानाशाही, ये आपको तय करना है। जो तानाशाही चाहते हैं, उनको देश से निकालना होगा। बीजेपी और RSS जहर के जैसे हैं। अगर आप चाहते हैं कि इसको भी देख लेंगे, विष को चाट कर देखेंगे या पीकर देखेंगे, दोनों स्थितियों में जिंदा नहीं रहेंगे।

रावण के पास संसाधन थे, सोने की लंका थी, राम के पास सत्य और साहस था: प्रियंका

प्रियंका गांधी वाड्रा बोलीं- मुझे लगता है कि ये दिखावे में लिप्त हो चुके हैं। मैं याद दिलाना चाहती हूं कि हजारों साल पुरानी वो बातें क्या थीं? भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े, तब उनके पास संसाधन नहीं थे। उनके पास रथ भी नहीं था। रावण के पास रथ, संसाधन, सेना थी। धन था, सोने की लंका में रहता था। राम के पास केवल सत्य, आस्था, विश्वास, धैर्य, उम्मीद और साहस था।

भाजपा की तानाशाही की विचारधारा पनपने नहीं देंगे: चंपई सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा- जिस जमीन की वजह बताकर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, उसका किसी भी किताब में जिक्र नहीं है। हेमंत सोरेन ने झारखंड के दलित, पिछड़ा वर्ग को ऊपर उठाने का काम शुरू किया तो भाजपा के पेट में दर्द हो गया। हमारे पूर्वजों ने भी इसी तरह झारखंड में लड़ाई लड़ी। आज यहां से पूरे भारत में संदेश जाएगा कि हम सब एक हैं। भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही की विचारधारा हम कहीं भी पनपने नहीं देंगे।

हमारा मकसद संविधान बचाना: फारूक अब्दुल्ला

NC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा- आज हमारा मकसद सिर्फ एक है कि हम सब संविधान को बचाएं। इंसान को इंसान से लड़ाया जा रहा है। वो सब नेता जिन्हें आज जेल में बंद कर दिया गया है। वे बाहर तभी आ पाएंगे जब आप इस आईन को पकड़ेंगे और चुनाव का समय आएगा आपको वोट देना होगा। आप उस बटन का दबाइएगा जो इस हुकूमत को हराएगा। INDIA गठबंधन को हम सबको मिलकर मजबूत करना है।

TMC इंडिया अलायंस का हिस्सा है: डेरेक ओ’ब्रायन

TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस INDIA गुट का हिस्सा थी, है और रहेगी। ये जंग भाजपा और लोकतंत्र के खिलाफ है। ये लड़ाई मोदी की गारंटी के खिलाफ है, जिसकी कोई वारंटी नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे गिरफ्तार किए गए सभी नेता तब मुक्त होंगे, जब आप सभी संविधान को पकड़ लेंगे। चुनाव के समय बटन दबाएं जो इस सरकार को हटा देगा। हम सभी को एक साथ आना होगा और साथ चलना होगा। हम इस गठबंधन को कभी नहीं छोड़ने वाले हैं।

रामलीला मैदान ‘INDIA’ की रैली

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रामलीला मैदान में हुई। जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे व INDIA गठबंधन के अन्य नेता मंच पर उपस्थित हैं। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, पंजाब के सीएम भगवंत मान और अन्य भारतीय गठबंधन नेता दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली में मौजूद रहे।