Noida News: कला, संस्कृति और माँ हिन्दी के प्रचार-प्रसार को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय संस्था एकलव्यम् फाउंडेशन का नवम वार्षिकोत्सव “जश्न-ए-जुनूँ–9” 18 जनवरी 2026 को सूर्या समाचार, फ़िल्म सिटी, सेक्टर-16ए, नोएडा में भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना रहा।
कला, साहित्य और संस्कृति का भव्य संगम
कार्यक्रम में कला प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह मुख्य आकर्षण रहे। देश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकारों, कलाकारों और समाजसेवियों ने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाई प्रदान की।
विशिष्ट अतिथि का प्रेरणादायक संबोधन
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गौतमबुद्धनगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष माननीय श्री गजेंद्र सिंह मावी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन में एकलव्यम् फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की और बच्चों व युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कवि सम्मेलन ने मोहा मन
आयोजन की शुरुआत एक भव्य कवि सम्मेलन से हुई, जिसमें डॉ. मधुमोहिनी उपाध्याय, आ. राजपाल यादव, आ. नेहा वैद, आ. पंकज शर्मा, आ. प्रवेन्द्र पंडित, डॉ. गुरविंदर बांगा, आ. वीणा अग्रवाल, आ. लोकेश चौधरी और डॉ. प्रतीक कुंवर ने अपनी भावनात्मक और सृजनात्मक रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय कवयित्री डॉ. मधुमोहिनी उपाध्याय ने की।
आ. पंकज शर्मा को मिला प्रतिष्ठित सम्मान
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध गीतकार, आज तक (इंडिया टुडे ग्रुप) के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर और एकलव्यम् फाउंडेशन के ब्रांड एंबेसडर आ. पंकज शर्मा को “एकलव्यम् डॉ. कुंअर बेचैन स्मृति सम्मान” से सम्मानित किया गया। उन्होंने कुंअर दद्दू को नमन करते हुए अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संस्थापिका का प्रभावशाली संचालन
कार्यक्रम का सशक्त और भावपूर्ण संचालन संस्था की संस्थापिका एवं समाजसेविका डॉ. पूजा सिंह गंगानिया ने किया। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से कुंअर दद्दू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गान्धर्व संगीत महाविद्यालय, ग़ाज़ियाबाद सहित विभिन्न संस्थानों के बच्चों ने नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियाँ सम्मानित
कार्यक्रम में समाज सेवा, साहित्य, पत्रकारिता, नृत्य और संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तित्वों को एकलव्यम् सम्मान से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्वरूप में सजा आयोजन
हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, गुजरात और हिमाचल प्रदेश से आए एकलव्यम् परिवार के सदस्यों की सहभागिता से आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त हुआ।
हिन्दी और समाज सेवा के लिए सतत संकल्प
समापन अवसर पर डॉ. पूजा सिंह गंगानिया ने कहा कि एकलव्यम् फाउंडेशन समाज के बौद्धिक विकास और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। उन्होंने बताया कि संस्था माँ हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हिन्दी चेतना को और मजबूत करेगी।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम में एकलव्यम् फाउंडेशन की पूरी टीम सहित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी चौहान, राष्ट्रीय सचिव ऋचा गुप्ता, समाजसेवी सचिन पंडित, नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, सह-संस्थापक अमित चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
