Greater Noida News (1)

Greater Noida News: छह साल बाद खुलेगा रजिस्ट्री का रास्ता, निवासियों में खुशी

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट
Spread the love

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित देविका गोल्ड होम्स सोसाइटी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च न्यायालय के फैसले के बाद अब सोसाइटी में रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। प्राधिकरण की प्रबंधक बिल्डर स्नेहलता ने सोसाइटी निवासी दीपक दूबे और नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान से मुलाकात के दौरान बताया कि अगले 15 से 20 दिनों में रजिस्ट्री प्रारंभ कर दी जाएगी।

बिल्डर ने चुकाया प्राधिकरण का पूरा बकाया
मुलाकात के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि बिल्डर द्वारा प्राधिकरण की पूरी बकाया धनराशि जमा कर दी गई है। इसके बाद रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया है, जिससे सोसाइटी के सैकड़ों परिवारों में खुशी की लहर है।

छह साल से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे थे निवासी
नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दूबे ने बताया कि देविका गोल्ड होम्स में कुल 714 फ्लैट हैं, जिनका पजेशन मिले हुए करीब छह वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं हो पाई थी। मजबूर होकर निवासियों को माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जहां से प्राधिकरण को तीन माह के भीतर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए गए।

मध्यम वर्गीय परिवारों की पीड़ा पर सवाल
दीपक दूबे ने प्राधिकरण और सरकार से सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोई प्रोजेक्ट प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत होता है, तो फिर निवासियों को भटकना क्यों पड़ता है। यदि बिल्डर और प्राधिकरण के बीच कोई बकाया है, तो उसका बोझ घर खरीदने वाले मध्यम वर्गीय परिवार पर क्यों डाला जाता है। उन्होंने मांग की कि बिना पूर्ण भुगतान के किसी भी प्रोजेक्ट को स्वीकृति नहीं दी जानी चाहिए, ताकि खरीदारों को कोर्ट और विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।

घर खरीदारों के लिए उम्मीद की नई किरण
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि यह संघर्ष और प्रयासों की बड़ी जीत है। इससे उन लाखों घर खरीदारों को नई उम्मीद मिली है, जो फ्लैट लेने के बाद रजिस्ट्री को लेकर वर्षों से फंसे हुए हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यह फैसला भविष्य में अन्य परियोजनाओं के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है।