Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए ‘गैंगस्टरा ते वार’ अभियान की शुरुआत की है। नशों के खिलाफ अभियान के बाद अब सरकार ने गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के खिलाफ सीधी और निर्णायक जंग का ऐलान किया है।
2,000 पुलिस टीमें, 12,000 से ज्यादा जवान मैदान में
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। पूरे राज्य में 2,000 से अधिक पुलिस टीमें और 12,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी छापेमारी कर रहे हैं। ये कार्रवाई गैंगस्टरों से जुड़े ठिकानों और उनके सहयोगियों पर की जा रही है।
गैंगस्टरवाद के पूरे नेटवर्क पर वार
डीजीपी ने कहा कि यह कोई सामान्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि गैंगस्टरवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की योजना है। इसमें फंडिंग, हथियारों की सप्लाई, सुरक्षित ठिकाने और संचार नेटवर्क सभी को निशाना बनाया जा रहा है।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर भी शिकंजा
पंजाब पुलिस ने विदेश में छिपे गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल का गठन किया है। कई गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं और बाकी मामलों में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
युवाओं से अपराध छोड़ने की अपील
डीजीपी ने युवाओं से अपील की कि वे अपराध के रास्ते से दूर रहें। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टर युवाओं को पैसों का लालच देकर अपराध में धकेलते हैं, जबकि खुद सुरक्षित रहते हैं। समय रहते सुधरने वालों का स्वागत है, लेकिन न मानने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू
पंजाब पुलिस ने एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति बिना पहचान बताए गैंगस्टरों से जुड़ी जानकारी दे सकता है। सही सूचना देने पर इनाम भी दिया जाएगा।
इनाम नीति को मिली मंजूरी
सरकार ने 10 करोड़ रुपये की इनाम नीति को मंजूरी दी है। इस नीति के तहत आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों को गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मदद करने पर इनाम मिलेगा। सरकार का साफ संदेश है कि पंजाब में अब अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
