Chhattisgarh News: लोक कलाकार विक्रम यादव की तबीयत बिगड़ी, CM विष्णुदेव साय ने परिजनों से की बात; बेहतर इलाज के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 22 जुलाई 2026: अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और प्रसिद्ध बांस वादक विक्रम यादव की तबीयत खराब होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह विक्रम यादव के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार विक्रम यादव के बेहतर इलाज और हर जरूरी सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

लोक कलाकार विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका इलाज राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की ताजा स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में विक्रम यादव का बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।

सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इलाज के दौरान जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विक्रम यादव के इलाज में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन लगातार उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखे।

‘पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं विक्रम यादव’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विक्रम यादव के कला क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर बताया।

उन्होंने कहा कि विक्रम यादव ने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के जरिए छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री ने विक्रम यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली से पहचान बनाने वाले विक्रम यादव के स्वास्थ्य को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन को उनके बेहतर इलाज के लिए सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।