Noida Metro

Noida Metro: बोटैनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी तक दौड़ेगी मेट्रो, टेंडर पर लगी मुहर

दिल्ली NCR नोएडा
Spread the love

Noida Metro: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने एक्वा लिंक लाइन और एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इस रूट पर यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की संभावना है।

दो परियोजनाओं पर होगा काम

पहली परियोजना बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक एक्वा लिंक लाइन मेट्रो परियोजना है। यह लाइन करीब 11.56 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 8 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना का अनुमानित बजट 1838.35 करोड़ रुपये रखा गया है। परियोजना पूरी होने में लगभग 4 साल लगेंगे। अधिकारियों के अनुसार इस रूट पर करीब 1.25 लाख यात्रियों के सफर करने की संभावना है।

वहीं दूसरी परियोजना ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक एक्वा मेट्रो विस्तार की है। यह लाइन 2.6 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 2 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस विस्तार परियोजना का बजट करीब 416 करोड़ रुपये तय किया गया है। इसे करीब 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस रूट पर करीब 60 हजार यात्रियों की राइडरशिप का अनुमान लगाया गया है।

लिंक लाइन पर बनेंगे 8 स्टेशन

सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक बनने वाली लिंक लाइन पर कुल 8 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें:

  • सेक्टर-44
  • सेक्टर-96 (नोएडा प्रशासनिक भवन)
  • सेक्टर-97
  • सेक्टर-105
  • सेक्टर-108
  • सेक्टर-93
  • पंचशील बालक इंटर कॉलेज
  • सेक्टर-142

शामिल हैं। सेक्टर-142 स्टेशन पहले से तैयार है और यह लिंक लाइन का अंतिम स्टेशन होगा।

बोड़ाकी तक दो नए स्टेशन

ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक बनने वाली 2.6 किलोमीटर लंबी लाइन पर दो स्टेशन बनाए जाएंगे:

  • जूनापत
  • बोड़ाकी

इस विस्तार से ग्रेटर नोएडा और रेलवे नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि एक्वा लिंक लाइन और विस्तार परियोजना के शुरू होने के बाद इस रूट पर कुल राइडरशिप करीब दो लाख प्रतिदिन तक पहुंच सकती है। फिलहाल एक्वा मेट्रो पर रोजाना करीब 80 हजार यात्री सफर करते हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।