Noida के श्रीकांत त्यागी अब उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी नई पार्टी के साथ दमदार एंट्री ले चुके हैं।
Noida: नोएडा के बहुचर्चित मामले के बाद सुर्खियों में आए श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) अब उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी नई पार्टी राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (Nationalist Navnirman Party), के साथ दमदार एंट्री ले चुके हैं। आगामी पंचायत चुनाव 2026 और विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। नोएडा में आयोजित समीक्षा और संगठनात्मक बैठक में पार्टी ने कई बड़े फैसले लिए। बैठक का मुख्य आकर्षण रहा जिला अध्यक्षों को फ्री बोलेरो वाहन सौंपना। पढ़िए पूरी खबर…

जिला अध्यक्षों को फ्री में बोलेरो, संगठन को दी नई रफ्तार
आपको बता दें कि श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) में अपनी राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के नाम से पार्टी के 19 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी कर दी है। बैठक की सबसे खास बात यह रही कि सभी जिलाध्यक्षों को बोलेरो गाड़ी मुफ्त में दी गई। इसे महज वाहन वितरण नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा बताया गया। राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक त्यागी ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को जरूरी संसाधन और ऊर्जा दे रही है, जिससे वे गांव-गांव जाकर पार्टी का संदेश पहुंचा सकें।
50 लाख कार्यकर्ता जोड़ने का टारगेट
बैठक में 50 लाख कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान भी लॉन्च किया गया, जिसकी शुरुआत नोएडा से हुई। अभिषेक त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार त्यागी और भूमिहार समाज की अनदेखी कर रही है और अब रानद इसे लेकर संघर्ष करेगा। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी और पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी।
महिला नेतृत्व और समान भागीदारी
इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु त्यागी की मौजूदगी भी खास रही। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को केवल शो-पीस नहीं, बल्कि निर्णय लेने की भूमिका में लाएगी। उन्होंने खुद को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि महिलाएं भी संगठन और चुनावी राजनीति दोनों में नेतृत्व करेंगी।
अनु त्यागी ने सभी जिलाध्यक्षों को संकल्प दिलाया कि वे अपने जिले में कम से कम 5 लाख नए सदस्य जोड़ें और हर सीट पर मजबूत प्रत्याशी उतारकर विपक्षी दलों को चुनौती दें।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: ग्रेटर नोएडा-नोएडा के सैकड़ों लोगों को मिलेगी नौकरी, यहां लगेगी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट
पश्चिम यूपी और पूर्वांचल में पकड़
बैठक में यह भी साफ हुआ कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल पश्चिम यूपी और पूर्वांचल में अपने प्रभाव को लेकर काफी आश्वस्त है। पश्चिम यूपी के बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और सहारनपुर जैसे जिलों में त्यागी और भूमिहार समाज की अच्छी पकड़ है। वहीं पूर्वांचल के वाराणसी, बलिया, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, जौनपुर, प्रयागराज और लखनऊ में भी यह वर्ग राजनीतिक तौर पर निर्णायक माना जाता है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यूपी की करीब 200 सीटों पर यह वर्ग असर डाल सकता है, और अगर एकजुट रहा, तो राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल को अप्रत्याशित बढ़त दिला सकता है।
बोलेरो वितरण का प्रतीकात्मक महत्व
जिला अध्यक्षों को बोलेरो वाहन देना सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति और गंभीरता का प्रतीक बताया गया। पार्टी नेताओं का मानना है कि इन संसाधनों के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर तक अभियान को तेजी से फैलाया जाएगा।
बीजेपी-सपा-कांग्रेस में बढ़ी चिंता
रानद की बढ़ती सक्रियता से बीजेपी, सपा और कांग्रेस में चिंता बढ़ गई है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर त्यागी-भूमिहार वोट बैंक राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के साथ जुड़ा रहा, तो पारंपरिक समीकरण बिगड़ सकते हैं।
अनु त्यागी ने भी बीजेपी, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां समुदाय विशेष को इस्तेमाल करती रही हैं, लेकिन रानद उन्हें नेतृत्व देने का काम करेगी।
ये भी पढ़ेंः Noida: नोएडा मीडिया क्लब में विश्व फोटोग्राफी दिवस, CP लक्ष्मी सिंह बनीं मुख्य अतिथि
युवा और महिलाओं को बना रहे केंद्र
राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल की रणनीति में महिला नेतृत्व और युवाओं की भागीदारी सबसे अहम पहलू है। पार्टी इन दोनों वर्गों को आगे बढ़ाकर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है। अनु त्यागी ने साफ किया कि पार्टी महिलाओं को सिर्फ जिला स्तर ही नहीं, बल्कि टिकट वितरण और चुनावी रणनीति में भी प्रमुख भूमिका देगी।

