Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास को एक नई दिशा मिलने जा रही है।
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास (Industrial Development) को एक नई दिशा मिलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एक बड़े निवेश प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड (Escorts Kubota Limited) को सेक्टर-10 में 190 एकड़ जमीन का लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया है। यहां पर कृषि के लिए अत्यंत आवश्यक ट्रैक्टर और अन्य उपकरणों की निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर…

भारतीय और जापानी साझेदारी का नतीजा है यह प्रोजेक्ट
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड (Escorts Kubota Limited) दरअसल भारतीय कंपनी एस्कॉर्ट्स और जापानी दिग्गज कुबोटा के बीच 2019 में हुई साझेदारी का परिणाम है। इस संयुक्त उपक्रम का उद्देश्य भारत सहित वैश्विक बाजारों के लिए मूल्य-उन्मुख ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों का निर्माण करना है। कंपनी भारत को एक रणनीतिक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: इस सोसायटी की लिफ्ट में 1 घंटे तक फंसी रही महिला, फिर…?
4 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
इस ग्रीनफील्ड परियोजना में कुल 4500 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है और इससे करीब 4 हजार लोगों को चरणबद्ध तरीके से रोजगार मिलेगा। पहले चरण में कंपनी 2 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी, जिसमें ट्रैक्टर प्लांट, कमर्शियल इक्विपमेंट प्लांट और अन्य सहायक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। दूसरा चरण बाजार की मांग और पहले चरण की उत्पादन क्षमता के आधार पर तय किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एमओयू पर हुए थे हस्ताक्षर
इस निवेश को लेकर कंपनी ने 17 अगस्त 2024 को उत्तर प्रदेश सरकार के साथ 200 एकड़ जमीन के लिए एक समझौता (MoU) भी किया था। अब यमुना प्राधिकरण द्वारा जमीन आवंटन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे इस परियोजना को जल्द ही जमीन पर उतारा जा सकेगा।
वैश्विक रिसर्च एंड डेवलपमेंट की भी होगी शुरुआत
कंपनी का यह भी कहना है कि यह निर्माण इकाई न केवल उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि गुणवत्ता और लागत दोनों के स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करेगी। इसके साथ ही भारत से कुबोटा के वैश्विक रिसर्च एंड डेवलपमेंट कार्यों के लिए साझा सेवाओं की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे भारत की तकनीकी क्षमता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इस सोसाइटी में बिजली-पानी को लेकर बवाल!
विकास और रोजगार में आएगा उछाल
उद्योग एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मेगा प्रोजेक्ट यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देगा। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। यह परियोजना आने वाले वर्षों में ग्रेटर नोएडा को देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित कर सकती है।
