Bhopal Metro

Bhopal Metro: अब ट्रैफिक की NO झंझट! भोपाल में मेट्रो शुरू, CM मोहन और मंत्री मनोहर लाल ने किया सफर

मध्यप्रदेश राजनीति
Spread the love

मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, जानें किराया और टाइमिंग

Bhopal Metro News: भोपालवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Minister Manohar Lal Khattar) ने भोपाल मेट्रो (Bhopal Metro) का विधिवत शुभारंभ किया। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर मेट्रो को रवाना किया गया। इसके साथ ही 7 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर नियमित मेट्रो सेवा की शुरुआत हो गई।

सीएम मोहन यादव बोले- मेट्रो से विकास को मिलते हैं पंख

मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने कहा कि मेट्रो ट्रेन किसी भी शहर के विकास को नई गति देती है। इससे विकास की एक नई कहानी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आम यात्रियों के साथ-साथ एम्स आने वाले मरीजों और नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का अभिनंदन भी किया।

Pic Social Media

सीएम और केंद्रीय मंत्री ने मेट्रो में किया सफर

शुभारंभ के अवसर पर सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेट्रो में यात्रा की। एम्स मेट्रो स्टेशन पर मुख्यमंत्री ने नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। सफर के दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊंचाई पर बने ट्रैक से यात्रा करते हुए शहर की हरियाली और सुंदरता का दृश्य अपने आप में अद्भुत है।

शहरी परिवहन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि

सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने कहा कि भोपाल मेट्रो शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात है। उन्होंने यह भी बताया कि इंदौर मेट्रो से जुड़ी समस्याओं का समाधान केंद्र सरकार के सहयोग से किया जा रहा है और आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के शहरी विकास कार्यों में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और आज ही 262 विकास कार्यों की शुरुआत की गई है।

किराया और संचालन का समय तय

भोपाल मेट्रो का संचालन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन 17 ट्रिप चलेंगी। प्रारंभिक चरण में मेट्रो एम्स स्टेशन से सुभाष नगर स्टेशन तक चलेगी। न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 70 रुपये निर्धारित किया गया है। मेट्रो प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी प्रकार की मुफ्त यात्रा या किराये में छूट नहीं दी जाएगी।

Pic Social Media

स्टेशन के अनुसार किराया व्यवस्था

पहले दो स्टेशनों तक यात्रा करने पर 20 रुपये, तीन से चार स्टेशनों के लिए 30 रुपये और पांच से आठ स्टेशनों तक 40 रुपये किराया तय किया गया है। पूरे कॉरिडोर के शुरू होने के बाद अधिकतम किराया 70 रुपये रहेगा।

पहले चरण में ये स्टेशन होंगे शामिल

भोपाल मेट्रो के पहले चरण में ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। इनमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केंद्रीय विद्यालय और सुभाष नगर शामिल हैं। यह कॉरिडोर शहर के व्यस्त इलाकों को जोड़ते हुए आवागमन को आसान बनाएगा।

Pic Social Media

फिलहाल मैन्युअल टिकट व्यवस्था

शुरुआती दौर में भोपाल मेट्रो में टिकट व्यवस्था पूरी तरह मैन्युअल रहेगी। यात्रियों को काउंटर से टिकट लेकर यात्रा करनी होगी। ऑनलाइन या ऑटोमैटिक टिकटिंग सिस्टम अभी लागू नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ेंः MP में अपराध जांच को मिलेगी नई रफ्तार, CM मोहन ने दिखाई 57 मोबाइल फोरेंसिक वैन को हरी झंडी

80 किमी प्रति घंटे तक रफ्तार

भोपाल मेट्रो ऑरेंज लाइन पर न्यूनतम गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा और अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। ट्रायल रन के दौरान कुछ हिस्सों में 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से भी परीक्षण किया गया था।

पार्किंग नहीं, केवल पिक एंड ड्रॉप सुविधा

मेट्रो स्टेशनों पर फिलहाल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यात्रियों के लिए केवल पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साथ बेहतर समन्वय पर काम किया जा रहा है।

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

भोपाल मेट्रो की प्रमुख विशेषताएं

भोपाल मेट्रो में सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा दी गई है। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, ब्रेल साइनेज और सुगम प्रवेश की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाया गया है। मेट्रो पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल है और इसमें सोलर पावर व रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का उपयोग किया गया है।

ये भी पढ़ेंः MP News: कम पानी, कम खर्च, ज्यादा मुनाफा! CM मोहन की पहल से किसान अपना रहे प्लास्टिक मल्चिंग

हर दिन 3 हजार यात्रियों के सफर का अनुमान

30.8 किलोमीटर लंबी भोपाल मेट्रो परियोजना को राजधानी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इस परियोजना में ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन के दो कॉरिडोर शामिल हैं। कुल परियोजना लागत 10 हजार 33 करोड़ रुपये है, जबकि प्रायोरिटी कॉरिडोर पर 2 हजार 225 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगभग 3 हजार यात्रियों के सफर करने का अनुमान है, जिससे भोपाल के यातायात और पर्यावरण दोनों को लाभ मिलेगा।