Noida

Noida: अब मिनटों में पहुंचेंगे गुरुग्राम, नई मेट्रो से ज़िंदगी होगी आसान

नोएडा

Noida: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द एक और मेट्रो रूट की सुविधा मिल सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यशोभूमि (द्वारका) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक नए मेट्रो कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेज दी है। मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यशोभूमि से राजीव चौक तक बनेगा नया रूट

प्रस्तावित मेट्रो रूट दिल्ली के यशोभूमि से शुरू होकर गुरुग्राम के प्रमुख जंक्शन राजीव चौक तक जाएगा। यह कॉरिडोर दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा को अधिक आसान और तेज बनाएगा।

मंजूरी के लिए भेजी गई डीपीआर

डीएमआरसी ने इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर केंद्रीय शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दी है।

मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद भूमि, बजट और निर्माण से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।

दिल्ली-गुरुग्राम के बीच होगा तीसरा मेट्रो रूट

इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली और गुरुग्राम के बीच तीन मेट्रो कॉरिडोर उपलब्ध होंगे।

फिलहाल दिल्ली मेट्रो मिलेनियम सिटी तक संचालित हो रही है। वहीं दूसरे कॉरिडोर पर निर्माण कार्य जारी है, जिसमें पहले चरण में मेट्रो को गुरुग्राम के सेक्टर-9 तक ले जाने का काम लगभग पूरा होने वाला है।

सेक्टर-21 और इफको चौक तक भी विस्तार

दूसरे चरण में मेट्रो को गुरुग्राम के सेक्टर-21 से इफको चौक तक विस्तारित किया जाएगा।

इसके लिए द्वारका से गुरुग्राम सेक्टर-21 तक मेट्रो विस्तार को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।

राजीव चौक पर यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

गुरुग्राम का राजीव चौक शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक है, जहां प्रतिदिन लाखों लोगों की आवाजाही होती है।

नया मेट्रो कॉरिडोर शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यात्रा करने वालों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन का एक बेहतर विकल्प मिलेगा।

रोजाना 1.25 से 1.50 लाख यात्रियों का अनुमान

डीएमआरसी के आकलन के अनुसार, इस नए मेट्रो रूट पर प्रतिदिन करीब 1.25 लाख से 1.50 लाख यात्री सफर कर सकते हैं।

इससे दिल्ली और गुरुग्राम के बीच बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।

हरियाणा सरकार की पहल पर तैयार हुई योजना

इस नए मेट्रो कॉरिडोर की पहल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सुझाव पर की थी।

सरकार का मानना है कि यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी तथा दैनिक यात्रियों के लिए सफर को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।