Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गोल्डन आई मॉल स्थित कमर्शियल बिल्डिंग में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग टी-3 टावर की नौवीं मंजिल पर स्थित एक कार्यालय में लगी थी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की पांच गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नौवीं मंजिल पर लगी आग
घटना थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत टेक जोन-4 स्थित गोल्डन आई मॉल की कमर्शियल बिल्डिंग में हुई। आग टी-3 टावर की नौवीं मंजिल पर स्थित एक बंद कार्यालय में लगी थी।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंचीं दमकल की पांच गाड़ियां
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की पांच यूनिट और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन मौके पर रवाना किए गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
लोगों के फंसे होने की सूचना निकली गलत
शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के बिल्डिंग के अंदर फंसे होने की बात कही गई थी। हालांकि मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि बिल्डिंग में कोई भी व्यक्ति फंसा नहीं था।
जिस कार्यालय में आग लगी थी, वह पहले से बंद था और सूचना देने वाला व्यक्ति भी सुरक्षित बाहर निकल चुका था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9:40 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
कोई जनहानि नहीं
फायर विभाग के अनुसार इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
