Bihar News: पटना। चंद्रगुप्त इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (CIMP) में नेशनल इंटर-कॉलेज क्रॉसवर्ड एक्सपेडिशन 2026 (NICE 2026) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन CIMP और Extra-C ने संयुक्त रूप से बिहार फाउंडेशन और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) रहे। इस अवसर पर शिक्षा, प्रशासन और बैंकिंग क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कई प्रमुख हस्तियां कार्यक्रम में रहीं शामिल
कार्यक्रम में RERA बिहार के चेयरमैन विवेक कुमार सिंह, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड राजीव रंजन सिन्हा, CIMP के निदेशक डॉ. राणा सिंह और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुमोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन से हुई। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया।
क्रॉसवर्ड से बढ़ेगी सोचने और समस्या सुलझाने की क्षमता
CIMP के निदेशक डॉ. राणा सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में क्रॉसवर्ड को शामिल करने की पहल दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग ने CIMP को देश के 24 प्रमुख नॉलेज संस्थानों में शामिल किया है। उनके अनुसार क्रॉसवर्ड प्रतियोगिताएं छात्रों में समस्या समाधान, विश्लेषणात्मक सोच, तार्किक क्षमता और बौद्धिक जिज्ञासा को मजबूत बनाती हैं। कार्यक्रम के दौरान NICE 2026 की स्मारिका और आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया गया।
AI के दौर में क्रॉसवर्ड की बढ़ी अहमियत
राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ChatGPT के दौर में छात्रों के लिए स्वतंत्र सोच और 360 डिग्री दृष्टिकोण विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने क्रॉसवर्ड सुलझाने की तुलना पर्वतारोहण से करते हुए कहा कि इसमें धैर्य, अनुशासन और लगातार प्रयास की जरूरत होती है। उन्होंने अपने सैन्य अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि रणनीति में भी लीक से हटकर सोचने की जरूरत होती है और क्रॉसवर्ड यही क्षमता विकसित करता है। उन्होंने इसे छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और चरित्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।
प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा
उद्घाटन के बाद NICE 2026 का पटना सिटी राउंड आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में आद्या सिंह (सेंट स्टीफंस कॉलेज, नई दिल्ली) ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरा पुरस्कार पटना लॉ कॉलेज की तन्बी कुमारी को मिला। तीसरे स्थान पर CIMP के सत्य प्रकाश और सनी कुमार रहे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों में रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ।
