News India: सीनियर जर्नलिस्ट, एंकर, लेखक, अनुरंजन झा(Anuranjan Jha) ने एक बार फिर से टीवी में वापसी की है। अनुरंजन झा नेशनल न्यूज़ चैनल न्यूज़ इंडिया(News India) से जुड़ गए हैं। अनुरंजन झा को ‘न्यूज इंडिया 24X7’ में यूरोप का रेजिडेंट एडिटर नियुक्त किया है। अनुरंजन झा को अहम जिम्मेदारी मिलने पर चैनल के CEO-एडिटर इन चीफ राणा यशवंत ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि अनुरंजन झा का अनुभव चैनल को आगे बढ़ाने में कारगर साबित होगा।

बता दें कि लेखक और यूनाइटेड किंगडम की ‘Gandhian Peace Society’ के चेयरपर्सन अनुरंजन झा को मीडिया में काम करने का ढाई दशकों का अनुभव है। पूर्व में वह ‘इंडिया न्यूज’ के न्यूज डायरेक्टर और ‘सीएनईबी’ के प्रधान संपादक व सीईओ रह चुके हैं।
मीडिया में अपनी बेबाकी और प्रयोगधर्मिता के लिए मशहूर अनुरंजन झा चंपारण, बिहार के एक छोटे-से गाँव फुलवरिया से आते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट अनुरंजन झा ने ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। मीडिया में उनके करियर की शुरुआत ‘जनसत्ता’ से हुई। फिर ‘जी न्यूज’, ‘आजतक’ होते हुए ‘इंडिया टीवी’ लॉन्च करने में मुख्य भूमिका निभाई। फिलहाल इंगलैंड में रहते हुए भारत-यूरोप संबंधों पर शोधरत हैं।

‘भारतिका’ के संस्थापक अनुरंजन झा ने बतौर लेखक अपनी किताब ‘रामलीला मैदान’ और ‘गांधी मैदान’ से सामाजिक-राजनीतिक सच्चाई उकेरी फिर ‘झूम’ से बिहार में शराबबंदी का सच बताया है। ‘हकीकत नगर’ उनका पहला उपन्यास है, जिसमें उन्होंने 90 के दशक के दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के जीवन, उनके सपने, प्रेम और इन सबके बीच बदलते देश की परिस्थितियों को छूने की कोशिश की है।
वहीं, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अनुरंजन झा ने लिखा है, ‘नए साल में एक नया कदम .. बड़े भाई @RanaYashwant1 जी का आदेश कैसे टाला जा सकता है .. शुक्रिया टीम @newsindia24x7_ । नव वर्ष शुभ हो।’
ख़बरी मीडिया की तरफ से अनुरंजन झा को नई पारी और बड़ी जिम्मेदारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।
