दीपावली बाद हर माह मिलेंगे 1500 रुपये, गुरु पूर्णिमा पर विशेष आयोजन
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) ने शनिवार को सिंगरौली (Singrauli) जिले के सरई गांव में आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं जनजातीय गौरव सम्मान समारोह के दौरान बड़ी घोषणाएं करते हुए बहनों और छात्रों के लिए कई योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) से पहले सभी पात्र लाड़ली बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि शगुन के रूप में दी जाएगी, जबकि दीपावली के बाद हर माह 1500 रुपये की नियमित राशि सभी लाड़ली बहनों को प्रदान की जाएगी।
सिंगरौली को 503 करोड़ की विकास परियोजनाएं
सीएम डॉ. यादव (CM Dr. Yadav) ने सिंगरौली को 503 करोड़ 9 लाख 19 हजार रुपये की लागत की 54 निर्माण परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें 104 करोड़ 67 लाख 26 हजार रुपये की लागत के 20 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 398 करोड़ 41 लाख 93 हजार रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पित परियोजनाओं में संदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल चकरिया का नवनिर्मित भवन, विद्युत सब स्टेशन हरफरी, संदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल भवन हिरवाह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 8 सड़कों का डामरीकरण, कॉलेज भवन बरगवां, लोक सेवा केंद्र माड़ा और सरई, तथा आयुष विंग के निर्माण कार्य शामिल हैं। शिलान्यास की गई परियोजनाओं में 11 सड़कों का निर्माण (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत), मेडिकल कॉलेज में 400 बिस्तर का अस्पताल, एकल नलजल योजनाएं, नगर निगम सिंगरौली में सड़क और नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः MP के चार बड़े शहरों में मोहन सरकार बनाएगी 2 लाख मकान, लॉटरी से होगा आवंटन
मेडिकल कॉलेज और लैपटॉप वितरण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी, जहां अगले साल से पढ़ाई शुरू होगी और डॉक्टर तैयार होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान प्रदेश के 94,234 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि हस्तांतरित की गई, जिसमें 60% छात्राएं और 40% छात्र शामिल हैं। बीते दो वर्षों में 15,000 से अधिक स्कूटी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को दी गई हैं।
गुरु पूर्णिमा पर विशेष आयोजन
सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने गुरु पूर्णिमा का जिक्र करते हुए कहा कि 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और बच्चों की सुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों का एक साथ लोकार्पण होगा। शासकीय स्कूलों के बच्चों को साइकिल, ड्रेस और किताबें भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने भगवत गीता और मध्य प्रदेश के संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि वृंदावन ग्राम बनाकर श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता को जीवंत किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः MP News: CM मोहन यादव की राजनीतिक जीत, हेमंत खंडेलवाल बने BJP प्रदेश अध्यक्ष
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में लिंगानुपात में बड़ा अंतर था, लेकिन उनकी सरकार ने लाडली लक्ष्मी योजना के तहत बेटियों को जन्म से ही लखपति बनाने की शुरुआत की। 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर बेटियों को एक लाख रुपये से अधिक की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय पहले 11,000 रुपये थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 52,000 रुपये हो गई है। लाडली बहनों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
