MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने कार्बाइड गन से घायल नागरिकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
MP News: मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने दीपावली के दौरान कार्बाइड गन (Carbide Gun) से घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री भोपाल के हमीदिया अस्पताल (Hamidia Hospital) के ब्लॉक-2 की 11वीं मंजिल स्थित नेत्र रोग वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की।
ये भी पढ़ेंः क्या हाथ पर नंबर लिखने से आप अमीर बन सकते हैं?
मुख्यमंत्री ने दिए समुचित इलाज और आर्थिक सहायता के निर्देश
सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सा विशेषज्ञों को पीड़ितों के बेहतर और समुचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घायलों को हर संभव सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पीड़ितों को आर्थिक मदद की जरूरत है, उन्हें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता दी जाए। उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों में भी कार्बाइड गन से प्रभावित बच्चों और नागरिकों के लिए उचित इलाज और निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
कार्बाइड गन पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध
मुख्यमंत्री ने कार्बाइड गन (Carbide Gun) को ‘घातक और खतरनाक विस्फोटक उपकरण’ बताते हुए कहा कि यह लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। उन्होंने प्रदेश में इसके निर्माण, विक्रय और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने कहा, ‘कार्बाइड गन का उपयोग अब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।’

घायलों से की भेंट, परिजनों को दिया भरोसा
सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने नारियलखेड़ा निवासी प्रशांत मालवीय, गरीब नगर छोला के करण पंथी, भानपुर के आरिश, और परवलिया सड़क के अंश प्रजापति से मुलाकात की। इनमें ज्यादातर किशोर हैं जो कार्बाइड गन के इस्तेमाल से घायल हुए थे। मुख्यमंत्री ने घायलों से बात कर उनका हौसला बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि सरकार उनके इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेगी।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
परिजनों ने उपचार पर जताया संतोष
हमीदिया अस्पताल (Hamidia Hospital) में भर्ती मरीजों के परिजनों ने मुख्यमंत्री से कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों द्वारा बेहतरीन उपचार और देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब बस्तियों में लोग जागरूक हो चुके हैं और कार्बाइड गन का उपयोग पूरी तरह बंद हो गया है। करण पंथी के परिवार ने कहा कि उन्होंने आसपास के इलाकों में लोगों को इस खतरनाक गन के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।
घातक गन बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। थाना स्तर पर कार्बाइड गन बनाने और बेचने वालों पर छापेमारी और जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग इन मामलों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि किसी भी घायल व्यक्ति को समय पर इलाज मिल सके।

ज्यादातर मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दीपावली के दौरान कार्बाइड गन और पटाखों से घायल अधिकांश लोग अब पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। केवल दो मरीजों की आंखों में गंभीर चोट है, जिनका इलाज जारी है। राज्य के सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि गंभीर मामलों की सतत निगरानी रखें और जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करें।
ये भी पढ़ेंः MP News: शिकायतों का समाधान करने वाले जिलों को मिलेगा अवॉर्ड, CM मोहन ने कई कर्मचारियों पर लिया सख्त एक्शन
‘जनता की सुरक्षा सर्वोपरि’- सीएम मोहन यादव
सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि राज्य सरकार का प्राथमिक उद्देश्य जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य की रक्षा करना है। उन्होंने कहा, ‘हम किसी को भी निर्दोष नागरिकों की जान से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देंगे। राज्य सरकार हर स्तर पर सतर्क है और ऐसे खतरनाक उपकरणों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।’
