Moon: इस दिन आसमान में मुस्कुराएगा चांद, जानिए कब और कहां से देखें
Moon: खगोलीय घटनाएं (Astronomical Events) अक्सर आम लोगों की उत्सुकता का कारण बनती हैं। इस बार आसमान में चांद कुछ अलग अंदाज में दिखाई देने वाला है। चांद (Moon) ऐसा दिखेगा जैसे वो मुस्कुरा रहा हो। अगर आप भी इस खूबसूरत नजारे को अपनी आंखों में कैद करना चाहते हैं तो 25 अप्रैल 2025 को आसमान देंखे। यह नजारा चंद्रमा, शुक्र और शनि की खास स्थिति के कारण बन रहा है, जिसे नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है।

आपको बता दें कि सूरज उगने से ठीक पहले, आकाश में एक स्माइली फेस (Smiley Face) जैसा दृश्य दिखाई देगा, जिसे ट्रिपल कंजंक्शन (Triple Conjunction) कहते हैं। इस खगोलीय घटना में शुक्र, शनि और अर्धचंद्राकार चंद्रमा एक साथ इतने पास दिखाई देंगे कि लगेगा कि चांद एक मुस्कुराते हुए चेहरे की आकृति बन गया है।
ये भी पढे़ंः Nasa: नासा के वैज्ञानिकों ने दुनिया खत्म होने की भविष्यवाणी कर दी
लाइव साइंस के अनुसार यह नजारा दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा, बस आसमान साफ हो और पूर्व की दिशा में खुला दृश्य होना चाहिए। इस स्माइली फेस को देखने का सबसे अच्छा समय सुबह 5:30 बजे के आसपास का होगा। उस समय शुक्र क्षितिज के ऊपर तेजी से चमकता नजर आएगा, शनि उससे थोड़ा नीचे होगा, और उनके नीचे पतला चंद्रमा होगा, जो मुस्कान जैसा नजर आएगा। यह ग्रहों और चंद्रमा की ऐसी अद्भुत स्थिति है, जो बहुत ही कम देखने को मिलती है।
स्माइली फेस कहां और कैसे देखें
नासा (NASA) की सोलर सिस्टम एंबेसडर ब्रेंडा कल्बर्टसन ने इस खास खगोलीय नजारे के बारे में जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया कि शुक्र पूर्वी क्षितिज के ऊपर चमक रहा होगा, शनि उससे थोड़ा नीचे होगा, और पतला अर्धचंद्राकार चंद्रमा इससे भी नीचे और उत्तर की ओर दिखाई देगा। यह चंद्रमा मुस्कान की तरह दिखेगा और तीनों मिलकर एक स्माइली फेस (Smiley Face) जैसी आकृति का निर्माण करेंगे।
हालांकि शुक्र और शनि को आप खुली आंखों से भी देख सकते हैं, लेकिन अगर आपके पास दूरबीन या टेलीस्कोप है तो इससे देखने का अनुभव अलग ही होगा, खासकर चंद्रमा की बारीक आकृति और उसकी खूबसूरती को देखने में।
ये भी पढ़ेंः ATM in Train: ट्रेन में ATM, पढ़िये ये दिलचस्प खबर
इसके साथ ही जिन लोगों को पूर्वी क्षितिज का साफ दृश्य दिखाइ देगा, उन्हें बुध ग्रह भी इन तीनों ग्रहों के थोड़ा नीचे दिखाई दे सकता है। लेकिन बुध बहुत नीचे और हल्का होता है, इसलिए यह हर जगह साफ़-साफ़ दिखाई नहीं दे सकता है। तो अगर आप इस अद्भुत स्माइली फेस को देखना चाह रहे हैं तो 25 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे उठ जाएं, आसमान साफ़ हो और पूर्व दिशा की ओर खुला दृश्य हो फिर आकाश की मुस्कान आप देख सकते हैं।
ऐसा मौका दुबारा नहीं आता
यह घटना ना सिर्फ एस्ट्रोनॉमि लवर्स (Astronomy Lovers) के लिए, बल्कि फोटोग्राफ़रों के लिए भी बहुत ही खास होने वाली है। यह दृश्य लिरिड उल्का बौछार के आखिरी चरण के साथ मेल खा रहा है, जो इस सप्ताह की शुरुआत में अपने चरम पर थी। ऐसे में आसमान में तारों और ग्रहों का अद्भुत संगम देखने को मिलने वाला है। इस अनोखी झलक को देखने के लिए आपको ऐसी जगह चुननी होगी जहां से पूर्वी क्षितिज एकदम साफ साफ दिखाई दे रहा हो और प्रकाश प्रदूषण बहुत कम हो। इस बात का भी ध्यान रखें कि इस नज़ारे को देखने का समय बहुत सीमित है, इसे आप सूर्योदय से करीब एक घंटे पहले तक ही देख सकते हैं। तो अभी से ही अपना अलार्म सुबह 5:30 बजे के आसपास के लिए सेट कर लें, और तैयार हो जाएं उस पल के लिए जब आकाश आपको मुस्कुराकर सलाम करेगा। इसे बिलकुल भी मिस मत करिए ऐसा मौका बार-बार नहीं आता।
