Bihar News: बक्सर, 28 जून। बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने रविवार को डुमरांव स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रिड की परिचालन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और प्रमुख उपकरणों की कार्यक्षमता की विस्तृत समीक्षा की।
सुरक्षा और समयबद्ध अनुरक्षण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा सचिव ने पावर ट्रांसफॉर्मर, अन्य विद्युत उपकरणों, सुरक्षा मानकों और अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी उपकरणों का नियमित और समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।
उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देना सर्वोच्च प्राथमिकता
अजय यादव ने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
