Punjab News: फरीदकोट, 28 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में शिरोमणि अकाली दल पर बेअदबी विरोधी कानून का विरोध करने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अकाली दल इस कानून का विरोध इसलिए कर रहा है क्योंकि उसे अपने पिछले कर्मों और बेअदबी की घटनाओं के लिए जवाब देना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार द्वारा लाया गया ‘जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम, 2026’ भविष्य में बेअदबी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
अकाली दल और विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने वर्षों तक पंजाब को लूटा और जनता से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े महलों में रहने वाले नेताओं को जनता ने नकार दिया है। कांग्रेस और अकाली दल पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों ने केवल अपने परिवारों के हितों को प्राथमिकता दी, जबकि उनकी सरकार आम लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है।
स्कूली शिक्षा में पंजाब देश में नंबर वन
भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से पंजाब प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली को पीछे छोड़कर देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट क्लासरूम, शिक्षकों के प्रशिक्षण और सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण जैसे कदमों से शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है।
1 जुलाई से महिलाओं को मिलेगी वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 1 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में वित्तीय सहायता भेजी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा और इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
68 हजार सरकारी नौकरियां और सिंचाई व्यवस्था में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बिना किसी भ्रष्टाचार के 68,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब में नहरी सिंचाई का दायरा 22 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसके अलावा मुफ्त बिजली, सड़कों के विकास और टोल प्लाजा बंद कर प्रतिदिन करोड़ों रुपये की बचत जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री सेहत योजना से 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क उपचार लोगों को मिल चुका है। उनके अनुसार यह देश की सबसे व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं में से एक है।
बेअदबी कानून को बताया ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेअदबी विरोधी कानून व्यापक कानूनी सलाह और विशेषज्ञों से विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। उनका दावा है कि यह कानून भविष्य में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा और किसी भी कानूनी खामी की गुंजाइश नहीं छोड़ेगा।
