नोएडा की कंपनी में नया कर्मचारी पहले दिन ही बोला- ‘मुझे ये काम पसंद नहीं आया’, जानिए क्या है वजह?
MNC News: नौकरी के पहले ही दिन इस्तीफा (Resignation) देना अब एक आम बात होती जा रही है, लेकिन नोएडा की एक कंपनी (Company) में काम करने वाली HR प्रोफेशनल खुशी चौरसिया (Khushi Chaurasia) की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस ट्रेंड को लेकर नई बहस छेड़ दी है। इस पोस्ट में उन्होंने एक नए कर्मचारी के पहले ही दिन बिना ठोस कारण बताए इस्तीफा देने के अनुभव को साझा किया है। खुशी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कैसे एक कैंडिडेट ने सेल्स रोल जॉइन करने के बाद पहले दिन के अंत में इस्तीफा दे दिया।

‘मुझे यह काम पसंद नहीं आया’
पोस्ट के मुताबिक, कैंडिडेट ने काम का पहला दिन पूरा करने के बाद एचआर को मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, ‘मुझे यह काम पसंद नहीं आया।’ खुशी ने बताया कि नौकरी की चुनौतियों के बारे में इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान और ऑफर स्वीकार करने से पहले कैंडिडेट को स्पष्ट रूप से बता दिया गया था। इसके बावजूद, कैंडिडेट ने बिना कोई विशेष कारण दिए नौकरी छोड़ने का फैसला किया।
ये भी पढ़ेंः HDFC: HDFC का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों की जेब कटने वाली है
HR का सवाल- रातों-रात क्या बदल गया?
खुशी ने अपनी पोस्ट में नौकरी की तलाश कर रहे कैंडिडेट्स से सवाल किया, ‘रातों-रात क्या बदल गया?’ उन्होंने कहा कि कोई भी नौकरी एक दिन में परफेक्ट नहीं हो सकती और न ही कोई कंपनी 24 घंटे में सब कुछ साबित कर सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी भूमिका को ‘आरामदायक’ बनाने के लिए समय, ऊर्जा और सही मानसिकता की जरूरत होती है।

कैंडिडेट्स को HR की सलाह
एचआर ने अपनी पोस्ट में कैंडिडेट्स को सलाह दी कि नौकरी स्वीकार करने से पहले उन्हें सोच-विचार के लिए समय लेना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे उस भूमिका के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को नौकरी छोड़नी है, तो उसे प्रोफेशनल तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। खुशी ने आगे लिखा, ‘विकास परफेक्ट जॉब से नहीं, बल्कि धैर्य, स्पष्टता और असुविधा से सीखने से आता है।’
ये भी पढ़ेंः MNC Job: सॉफ्टवेयर इंजीनियर को लाखों का पैकेज, लेकिन बकवास बताकर ठुकराया
सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट और यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
पोस्ट में नए कर्मचारी के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी शामिल थे। इस पोस्ट पर कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने कैंडिडेट का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने कम से कम किसी का समय बर्बाद नहीं किया। एक यूजर ने लिखा, ‘कभी-कभी आपको तुरंत पता चल जाता है कि कोई जगह आपके लिए सही नहीं है।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की कि प्रोफेशनल व्यवहार और स्पष्ट संवाद जरूरी है।
