घने कोहरे में अचानक ब्रेक बना हादसे की वजह, आग लगने से मची अफरा-तफरी
Mathura News: मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे (Muna Expressway) पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। माइलस्टोन 127 पर एक के बाद एक वाहनों की टक्कर में 8 बसें और 3 कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर के तुरंत बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे अब तक 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 70 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
आपको बता दें कि हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई शव इस कदर जल गए कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। बसों से कटे हुए अंग भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने 17 पॉलिथीन बैग में भरकर पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा है। मृतकों की पहचान अब डीएनए टेस्ट के जरिए कराई जाएगी। मृतकों में एक बीजेपी नेता के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।

मौके पर दिल दहला देने वाले दृश्य
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर हालात बेहद दर्दनाक रहे। एंबुलेंस के सायरन, घायलों की चीख-पुकार और अपनों को तलाशते परिजनों की बदहवासी ने माहौल को और भयावह बना दिया। कई लोग घायल रिश्तेदारों को ढूंढते हुए इधर-उधर भटकते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ऐसा लगा मानो कोई बड़ा धमाका हुआ हो।
6 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 3 किमी तक लगा जाम
हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। 9 थानों की पुलिस और करीब 50 जवानों ने करीब 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया मंजर
प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने कहा कि टक्कर के बाद ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो। लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में बसें आग की चपेट में आकर राख हो गईं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने बसों से 8–9 शव बाहर निकाले। आरोप है कि रेस्क्यू ऑपरेशन करीब एक घंटे बाद शुरू हुआ।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को 11 एंबुलेंस की मदद से मथुरा जिला अस्पताल और वृंदावन संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने बसों से जले हुए शवों और अवशेषों को बेहद मुश्किल से बाहर निकाला।
ये भी पढ़ेंः Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रफ़्तार से गाड़ी दौड़ाने वाले, पहले ये खबर पढ़ लीजिए

कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा छाया हुआ था। माइलस्टोन 127 के पास अचानक स्लीपर बस के सामने दृश्यता कम हो गई, जिस कारण चालक ने ब्रेक लगाए। पीछे से आ रही 6 बसें और 4 कारें एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर के बाद एक एसी बस में आग लग गई और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, ADM करेंगे जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एडीएम प्रशासन अमरेश जांच का नेतृत्व करेंगे। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम हाउस में डॉक्टरों की जांच के बाद 13 शवों की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन की पहचान आजमगढ़ निवासी रामपाल, गोंडा निवासी सुल्तान और प्रयागराज के मुद्दीनपुर (थाना सराय ममरेज) निवासी अखिलेंद्र के रूप में हुई है। शेष शवों की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया गया है।
सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों के लिए बड़ी और अच्छी ख़बर
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने लोगों की सुविधा और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए लोग अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9454417583 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत से 9454401103 पर बात की जा सकती है। मथुरा कंट्रोल रूम का नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है, जबकि जिलाधिकारी मथुरा से 9454417512 पर संपर्क किया जा सकता है।
