Jharkhand: झारखंड के 25वें स्थापना दिवस को खास बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
Jharkhand News: झारखंड के 25वें स्थापना दिवस (Foundation Day) को खास बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 15 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें कई बड़ी योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर उच्च शिक्षा, नगर विकास, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे प्रमुख विभागों की योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट के दौरान घोषित योजनाओं को भी मूर्त रूप दिया जाएगा। पढ़िए पूरी खबर…

ये भी पढ़ेंः क्या तेजपत्ता आपकी किस्मत बदल सकता है?
शिक्षा क्षेत्र में नई शुरुआत
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा बोकारो और गोड्डा में नवनिर्मित इंजीनियरिंग कॉलेजों का उद्घाटन इस अवसर पर हो सकता है। इन कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से पढ़ाई शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा, रांची-खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, साहिबगंज, और गिरिडीह में नए इंजीनियरिंग कॉलेजों का शिलान्यास भी किया जा सकता है।
झारखंड राज्य उच्चतर पुरस्कार योजना
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों, शिक्षकों, प्रशासकों, और संस्थानों को सम्मानित करने के लिए ‘झारखंड राज्य उच्चतर पुरस्कार योजना’ की शुरुआत हो सकती है। इस योजना के तहत ‘झारखंड राज्य शोध रत्न’ पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जो छात्रों और शिक्षकों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में होंगे।
सीएम फेलोशिप योजना का शुभारंभ
स्थापना दिवस के अवसर पर सीएम फेलोशिप योजना की शुरुआत भी संभावित है। इस योजना के तहत झारखंड के स्थानीय युवाओं को विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह योजना मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना से अलग होगी। योजना के लिए बैंक चयन की प्रक्रिया चल रही है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े कदम
स्वास्थ्य विभाग के तहत रांची के नगड़ी में रिम्स-2 का शिलान्यास इस आयोजन में हो सकता है। हालांकि, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा करना बाकी है। इसके अतिरिक्त, खूंटी, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, और जामताड़ा में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का शिलान्यास भी संभावित है।
पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
पर्यटन और कला संस्कृति विभाग द्वारा दशम, हुंडरू, नेतरहाट, और पतरातू में बिहार के राजगीर की तर्ज पर ग्लास ब्रिज के निर्माण का शिलान्यास हो सकता है। इन परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे राज्य में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
नियुक्ति पत्रों का वितरण
इस अवसर पर बड़े पैमाने पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जा सकते हैं। यह कदम युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
ये भी पढ़ेंः Jharkhand: CM हेमंत सोरेन ने बांधगाड़ी और हरिमती दुर्गा पूजा पंडाल का किया उद्घाटन
25वां स्थापना दिवस होगा खास
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। एक दर्जन से अधिक योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास इस आयोजन को विशेष बनाएगा। विभिन्न विभागों में चल रही तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि यह दिवस राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
