Jharkhand

Jharkhand: देवघर सड़क हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख, घायलों को मिल रही चिकित्सा सुविधा

झारखंड राजनीति
Spread the love

Jharkhand: देवघर में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने गहरा शोक जताया है।

Jharkhand News: झारखंड के देवघर में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 18 कांवड़ियों (Kanwariyas) की दर्दनाक मौत पर सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है और घायलों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आपको बता दें कि हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हंसडीहा सड़क मार्ग पर मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास हुआ। एक 32 सीटों वाली बस, जिसमें कांवड़िए सवार थे, अनियंत्रित होकर गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस असंतुलित होकर पास के ईंटों के ढेर से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में बस पूरी तरह चकनाचूर हो गई और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ेंः Jharkhand में युवती पर घर में घुसकर फेंका पेट्रोल, CM हेमंत सोरेन ने दिए जांच के आदेश

सीएम सोरेन की प्रतिक्रिया

सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, ‘आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में सवार श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुखद सूचना मिली। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बाबा बैद्यनाथ मृत श्रद्धालुओं की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें।’

त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सदर एसडीओ रवि कुमार ने कहा कि सुबह 4-5 बजे के बीच हादसे की सूचना मिली। उन्होंने कहा, ’32 सीटों वाली बस, जो कांवड़ियों को देवघर से बासुकीनाथ ले जा रही थी, अनियंत्रित होकर पहले एक ट्रक से टकराई और फिर ईंटों के ढेर से जा टकराई। इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।’

ये भी पढ़ेंः Jharkhand सरकार का बड़ा फैसला, धान बेचते ही किसानों को मिलेगा पूरा भुगतान

जांच और राहत कार्य जारी

जिला प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है जिससे इसके कारणों का पता लगाया जा सके। घायलों का इलाज तेजी से किया जा रहा है, और प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस दुखद घटना ने सावन मास की कांवड़ यात्रा की खुशियों को मातम में बदल दिया है।