IPL 2025 Final: RCB ने आखिरकार 18 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए अपना पहला IPL खिताब जीत लिया।
IPL 2025 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आखिरकार 18 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खिताब जीत लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराकर इतिहास रच दिया। जीत के पल में विराट कोहली (Virat Kohli) की आंखों में आंसू छलक आए, और वह मैदान पर घुटनों के बल बैठ गए। उनके साथी खिलाड़ियों ने दौड़कर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। देखें वीडियो…
पहली बार IPL चैंपियन बनी RCB
2008 से अब तक तीन बार फाइनल हार चुकी RCB ने आखिरकार अपना पहला आईपीएल खिताब जीत लिया। RCB के प्रशंसकों का वर्षों पुराना नारा “ई साला कप नमदे” अब हकीकत बन चुका है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
RCB के प्रशंसकों का यह मशहूर नारा आखिरकार हकीकत बन गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। विराट कोहली ने 35 गेंदों में 43 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन मयंक अग्रवाल (24), रजत पाटीदार (26) और लियाम लिविंगस्टोन (25) की छोटी पारियों के बावजूद टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। पंजाब के लिए काइल जैमीसन (3/48) और अर्शदीप सिंह (3/40) ने शानदार गेंदबाजी की, खासकर अर्शदीप ने आखिरी ओवर में मात्र 3 रन देकर 3 विकेट झटके।
पंजाब की पारी
191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन लगातार विकेट गिरने से उनकी पारी लड़खड़ा गई। शशांक सिंह ने 30 गेंदों में नाबाद 61 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि जोश इंग्लिस ने 39 रन बनाए। हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर (1 रन) का जल्दी आउट होना और 17वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार द्वारा नेहल वढेरा और मार्कस स्टोइनिस को लगातार आउट करना टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। क्रुणाल पांड्या (2/17) और जोश हेजलवुड की कसी हुई गेंदबाजी ने पंजाब को 7 विकेट पर 184 रन पर रोक दिया। आखिरी ओवर में 29 रन चाहिए थे, लेकिन हेजलवुड ने दबाव में शानदार प्रदर्शन कर RCB की जीत पक्की की।

विराट कोहली की आंखों में आंसू, अनुष्का ने बांटी खुशी
जैसे ही अंतिम गेंद बाउंड्री पार गई और RCB की जीत हुई, विराट कोहली मैदान पर घुटनों के बल बैठ गए और भावुक हो उठे। उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी स्टैंड में मौजूद थीं और उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि RCB ने ट्रॉफी जीत ली है। मैच के बाद टीम के खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ विराट के पास दौड़ते हुए आए और सभी ने मिलकर जीत का जश्न मनाया।

18 साल की नाकामियां पीछे छूटीं
बता दें कि RCB का यह सफर 2008 में IPL की शुरुआत के साथ शुरू हुआ था। तीन बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद खिताब से चूकने वाली RCB ने आखिरकार इस बार बाजी मार ली। यह जीत न सिर्फ विराट कोहली और रजत पाटीदार के नेतृत्व का नतीजा है, बल्कि लाखों RCB फैंस के अटूट समर्थन का भी प्रतीक है। इस जीत ने न केवल एक खिताब दिलाया, बल्कि एक पीढ़ी के महानतम क्रिकेटर की झोली में वह ट्रॉफी डाल दी, जिसका इंतजार लंबे समय से था।
