Bihar News: पटना। बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में मरीजों को जल्द ही अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। इसी महीने अस्पताल के नए रेडियोलॉजी भवन में दो नई सीटी स्कैन मशीन और एक रिसर्च आधारित एमआरआई मशीन शुरू की जाएगी। इन मशीनों के लगने से मरीजों को कम समय में बेहतर गुणवत्ता वाली जांच मिलेगी, वहीं डॉक्टरों को जटिल बीमारियों की पहचान और शोध कार्य में भी मदद मिलेगी।
बिहार में पहली बार लगेगी रिसर्च आधारित एमआरआई मशीन
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पीएमसीएच में लगने वाली एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनें बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि हैं। इनसे मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और कम खर्च में बेहतर सुविधा राज्य के भीतर ही मिल सकेगी। सरकार का लक्ष्य है कि इलाज और जांच के लिए लोगों को दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।
इस महीने पूरा होगा मशीनों का इंस्टॉलेशन
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नए रेडियोलॉजी भवन में दो सीटी स्कैन और एक एमआरआई मशीन का इंस्टॉलेशन इसी महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह बिहार की पहली ऐसी मशीनें होंगी जिनका उपयोग केवल जांच के लिए ही नहीं, बल्कि विभिन्न बीमारियों पर शोध कार्य के लिए भी किया जाएगा।
24 घंटे में 100 से अधिक मरीजों की होगी जांच
नई मशीनों की क्षमता मौजूदा मशीनों से काफी अधिक होगी। प्रत्येक मशीन से 24 घंटे में औसतन 100 से ज्यादा मरीजों की जांच की जा सकेगी। इससे मरीजों की लंबी प्रतीक्षा खत्म होगी और जांच रिपोर्ट भी पहले की तुलना में जल्दी मिल सकेगी। मशीनों के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की नियुक्ति की जाएगी। बीएमएसआईसीएल ने इसके लिए आवश्यक कार्यबल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
कम शुल्क में मिलेगी आधुनिक जांच सुविधा
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि रोगी कल्याण समिति की बैठक के बाद जांच के लिए न्यूनतम शुल्क तय किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीज भी आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकें। सरकार की कोशिश है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सभी लोगों की पहुंच में हों।
लगातार बढ़ रही है पीएमसीएच की जांच क्षमता
पीएमसीएच में जांच सेवाओं का विस्तार लगातार हो रहा है। जून महीने में अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में 2,34,018 से अधिक जांचें की गईं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। नई सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें शुरू होने के बाद जांच क्षमता और बढ़ जाएगी। इससे मरीजों को एक ही परिसर में तेज, सटीक और सुविधाजनक जांच की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीक से लैस ये नई मशीनें बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेंगी तथा मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
