Greater Noida West के लोगों के लिए अच्छी खबर, मिलने जा रहा है एक नया शॉर्टकट रास्ता
Greater Noida West: नए साल से पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) के लोगों के लिए अच्छी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। आपको बता दें कि आप ग्रेटर नोएडा में रहते हैं तो आपको आए दिन ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) का सामना करना पड़ता है। लेकिन बहुत ही जल्द आपको ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है। नए साल में आपको ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट और जीटी रोड (GT Road) तक जाने के लिए एक नया और शॉर्टकट रास्ता (Shortcut Route) मिलने वाला है। ग्रेटर नोएडा में एलजी गोल चक्कर (LG Roundabout) से देवला तक लोहिया नाले की पटरी पर रोड बनाने का काम शुरू हो गया है। इस रास्ते के बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 130 मीटर एक्सप्रेसवे के माध्यम से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) और दादरी से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। भविष्य में ये रूट एलजी चौक से नॉलेज पार्क होते हुए नोएडा के सेक्टर-142 से सीधा कनेक्ट हो जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Cricket Match: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट मैच खेलने वालों की ज़्यादा जेब कटेगी

अच्छी बात यह है कि इस रास्ते के बन जाने से वाहन चालकों को घंटा चौक, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से सूरजपुर कस्बा चौकी की ओर जाने वाले रोड पर जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे 20 से ज्यादा सेक्टरों के लोगों को इंडस्ट्री एरिया में काम करने वालों के लिए नोएडा-दादरी रोड पर और जीटी रोड तक जाना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही यहां से होकर 130 मीटर एक्सप्रेसवे से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद की ओर भी आसानी से निकल सकेंगे। इसी तरह गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और दादरी की ओर से सीधे नॉलेज पार्क और जगत फार्म तक पहुंच सकेंगे। अभी वाहन सूरजपुर घंटा चौक या कलेक्ट्रेट के पास सूरजपुर कस्बे के बीच से होकर नोएडा दादरी रोड पर पहुंचते हैं।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
जानिए कहां बन रहा रास्ता
ग्रेटर नोएडा में देवला के पास लोहिया नाला (Lohia Drain) शुरू होता है। यह आवासीय, औद्योगिक क्षेत्रों से शुरू होकर मोमनाथल तक जाता है। इसकी कुल लंबाई लगभग 23 किलोमीटर है। लोहिया नाला ग्रेटर नोएडा के प्राकृतिक जल निकासी के रूप में काम करता है, लेकिन अब इस नाले की पटरी पर रोड तैयार की जा रही है, जो एलजी गोल चक्कर से सीधे देवला तक नाले की पटरी पर तैयार किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 3 किलोमीटर से भी ज्यादा होगी। रोड बनाने का काम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। नाले की पटरी पर मिट्टी डालने के बाद उस पर कंक्रीट डाला जा रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक 6 महीने में यह रोड बनकर तैयार हो जाएगी। इस रोड की चौड़ाई करीब 30 फीट होगी।
ये भी पढ़ेंः Delhi से गाजियाबाद मिनटों में पहुंचेंगे..फ्लाइओवर लाया बड़ी खुशखबरी
ट्रैफिक जाम की समस्या होगी खत्म
ग्रेटर नोएडा के एलजी गोल चक्कर से कासना कस्बे तक कई सेक्टर मौजूद हैं। इन सेक्टरों में रहने वाले लोग दादरी या जीटी रोड पर जाने के लिए कासना सूरजपुर रोड से पहले घंटा चौक आते हैं उसके बाद दादरी और जीटी रोड की ओर जाते हैं। दूसरा जिला पंचायत दफ्तर के पास गोलचक्कर से सूरजपुर कस्बे के बीच से होकर नोएडा दादरी रोड से जीटी रोड की तरफ जाते हैं। तीसरा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पीछे से सूरजपुर चौकी होते हुए दादरी जाते हैं। इन तीनों रोड पर ज्यादातर जाम लगा रहता है, लेकिन अब लोहिया नाले की पटरी पर एलजी गोल चक्कर से देवला तक सड़क बनाई जा रही है। जिसका काम शुरू हो गया है। इसके बनने के बाद आवाजाही में करीब तीन से चार किलोमीटर दूरी कम होगी और जाम से भी निजात मिलेगी।
23 किलोमीटर लंबे नाले का किया जाएगा सौंदर्यीकरण
देवला से शुरू होकर यह नाला नलगढ़ा तक 23 किलोमीटर लंबा है। इस नाले में अभी तक आवासीय और औद्योगिक अपशिष्ट भी गिरता है। नाले की हालत का सीधा असर ग्रेटर नोएडा के आसपास के इलाकों पर भी देखने को मिलता है, लेकिन अब इसमें हरे भरे स्थान, सैरगाह, साइकिल ट्रैक और पैदल यात्री पथ भी बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
दूरी भी होगी कम
देवला से एलजी गोल चक्कर तक लोहिया नाले की पटरी पर तैयार की जा रही रोड की सीधी कनेक्टिविटी हिंडन नदी पर पुल बनने के बाद नॉलेज पार्क तक होकर नोएडा के सेक्टर 142 से भी हो जाएगी। यहां से नोएडा एक्सप्रेसवे पर कनेक्टिविटी मिलने लगेगी। इसके बाद नोएडा एक्सप्रेसवे से नॉलेज पार्क होकर यह पूरा क्षेत्र देवला और तिलपता तक जुड़ जाएगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से अगर किसी को नोएडा एक्सप्रेसवे जाना है तो परी चौक जाने की जरूरत नहीं रहेगी। वे सीधे इस एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-142 तक पहुंच सकेंगे, जिससे लोगों की दूरी भी कम हो जाएगी और समय की भी बचत होगी। सबसे अहम बात यह है कि उन्हें कही भी जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
