Greater Noida West की इस सोसाइटी में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर तीखा विवाद सामने आया है।
Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इस सोसाइटी में आवारा कुत्तों (Stray Dogs) को खाना खिलाने को लेकर तीखा विवाद सामने आया है। एक निवासी द्वारा टावर के फ्लोर पर कुत्ते को खाना खिलाने का वीडियो वायरल होने के बाद निवासियों ने इसका कड़ा विरोध किया। इस मामले की शिकायत सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम (Maintenance Team) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से की गई है। निवासियों का कहना है कि पार्क, पार्किंग, फ्लोर और खुले क्षेत्रों में कुत्तों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बाहरी लोगों की सुरक्षा खतरे में है।

फ्लोर पर कुत्ते को खाना खिलाने से उपजा विवाद
यह मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सिटी-1 सोसाइटी (Gaud City-1 Society) के 7वें एवेन्यू का है। सोसाइटी के एक टावर में एक युवक द्वारा फ्लोर पर आवारा कुत्ते को खाना खिलाने का मामला सामने आया। निवासियों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम (Maintenance Team) ने स्पष्ट नियम बनाए हैं कि टावर के कॉमन एरिया में कुत्तों को खाना खिलाना या उन्हें सोसाइटी के अंदर लाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन होने से निवासियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और मेंटेनेंस टीम को नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश देने की मांग की है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: ग्रेटर नोएडा-नोएडा के सैकड़ों लोगों को मिलेगी नौकरी, यहां लगेगी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट

वायरल वीडियो ने बढ़ाया तनाव
कुत्ते को खाना खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने विवाद को और हवा दी। निवासियों ने आरोप लगाया कि कुछ पशु प्रेमी सोसाइटी के नियमों की अनदेखी कर पार्किंग, पार्क और फ्लोर जैसे क्षेत्रों में कुत्तों को खाना खिला रहे हैं। पाम ओलम्पिया सोसाइटी के एओए अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने कहा कि कुत्तों के लिए चिह्नित फीडिंग पॉइंट होने के बावजूद, लोग अनधिकृत स्थानों पर फीडिंग कर रहे हैं, जिससे समस्या बढ़ रही है।
महिला पर कुत्ते का हमला, निवासियों में दहशत
वहीं मंगलवार सुबह गौड़ सिटी-1 के श्री राधा कृष्ण पार्क (Shri Radha Krishna Park) के पास टहलकर लौट रही एक महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। निवासी योगेश भागौर ने कहा कि उनकी पत्नी पर एक निजी अस्पताल के सामने कुत्ते ने हमला किया, जिससे उनके पैर में गहरे घाव हो गए और खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने महिला की चीख सुनकर कुत्ते को भगाया और उसकी जान बचाई। निवासी अनीता प्रजापति ने कहा कि सुबह और शाम के समय कुत्तों के हमले की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे सोसाइटी में डर का माहौल है।
ये भी पढ़ेंः Supertech Ev1: सुपरटेक इकोविलेज-1 में बवाल का वीडियो देख लीजिए
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी लापरवाही
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों से संबंधित मुद्दों पर दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद गौड़ सिटी में इस तरह की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और सोसाइटी प्रबंधन को और सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने मांग की है कि कुत्तों को खाना खिलाने के लिए निर्धारित स्थानों का सख्ती से पालन कराया जाए और आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
