Noida

Noida: नोएडा में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 26.80 लाख रुपये की ठगी, वजह जान चौंक जाएँगे

नोएडा
Spread the love

Noida: नोएडा में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक इंजीनियर से 26.80 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले पीड़ित को एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा, जहां शेयर बाजार और निवेश से मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया। इसके बाद प्ले स्टोर पर मौजूद असली ऐप से मिलता-जुलता एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराकर लाखों रुपये निवेश करा लिए।

27 फरवरी से 7 अप्रैल के बीच ठगी

सेक्टर-49 के हिंडन विहार निवासी अमर कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 फरवरी से 7 अप्रैल के बीच वह साइबर ठगों के झांसे में रहे। इस दौरान ठगों ने उनसे अलग-अलग पांच किश्तों में कुल 26.80 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराए।

शुरुआत में दिखाया भारी मुनाफा

ठग लगातार अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाकर अमर कुमार से निवेश की रकम बढ़वाते रहे। शुरुआत में फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर उन्हें अच्छा मुनाफा भी दिखाया गया। इससे उनका भरोसा और मजबूत हो गया और उन्होंने लगातार पैसे निवेश किए।

पैसे निकालते ही हुआ ठगी का खुलासा

जब अमर कुमार ने अपने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, तो फर्जी ट्रेडिंग ऐप बंद हो गया। साथ ही जिस WhatsApp ग्रुप के जरिए उनसे संपर्क किया गया था, वह भी गायब हो गया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है।

साइबर थाने में दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ ही सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में भी तहरीर दी।

पुलिस कर रही बैंक खातों की जांच

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा उन खातों के लेनदेन और लाभार्थियों (Beneficiaries) का विवरण भी खंगाला जा रहा है, ताकि ठगी में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।