Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर अब और सुगम होने वाला है।
Expressway: गाजियाबाद के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (Delhi-Meerut Expressway) पर सफर अब और सुगम होने वाला है। यहां लोगों को घंटों जाम में फंसने की परेशानी से निजात मिल सकती है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है, जिससे आने वाले समय में विजयनगर के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। पढ़िए पूरी खबर…

विजयनगर में बनेगा नया ओवरब्रिज
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर विजयनगर के पास एक नया ओवरब्रिज बनने जा रहा है। इस योजना को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मंजूरी मिल चुकी है। यह ओवरब्रिज स्थानीय निवासियों और यात्रियों दोनों के लिए सफर को सुविधाजनक बनाएगा।
ओवरब्रिज की ज़रूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, विजयनगर क्षेत्र में फिलहाल एक्सप्रेसवे पार करना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सुरक्षित मार्ग की कमी के कारण लोगों को अक्सर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इसी वजह से स्थानीय विधायक संजीव शर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और ओवरब्रिज की मांग की।
ये भी पढ़ेंः Noida: मिनी जापान या समस्याओं का शहर नोएडा ? मंजर खान की रिपोर्ट
दुर्घटना और ट्रैफिक की समस्याएं बनीं कारण
हाल ही में इस क्षेत्र में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गईं। इसके अलावा, विजयनगर निकासी काफी संकरी है, जिससे यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए निकासी के चौड़ीकरण की भी मांग रखी गई है।
यात्रियों को मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं
एक्सप्रेसवे पर धार्मिक और स्थानीय स्थलों तक यात्रियों की पहुंच को आसान बनाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। दूधेश्वर नाथ मंदिर और मवई गांव के लिए संकेतक बोर्ड लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे सफर और भी आसान और सुगम हो सकेगा।
ये भी पढ़ेंः TCS: TCS के इंजीनियर्स को बंपर गिफ़्ट, जानिए कितनी बढ़ गई सैलरी?
जाम और हादसों से राहत
इस ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल विजयनगर के लोग लाभान्वित होंगे, बल्कि पूरे गाजियाबाद क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इससे न सिर्फ जाम की समस्या में कमी आएगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी गिरावट आने की संभावना है। कुल मिलाकर, यह परियोजना गाजियाबाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई दिशा देने जा रही है।
