Chhattisgarh News: रायपुर, 12 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को तेजी से पूरा कर रही है। “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के संकल्प के साथ राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में 10 लाख 60 हजार ग्रामीण आवासों का निर्माण पूरा कर लिया है। आवास निर्माण की गति के मामले में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
पहली कैबिनेट में लिया गया था 18 लाख आवास का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख से अधिक आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य में अपूर्ण आवास, वर्ष 2011 की स्थायी प्रतीक्षा सूची के लाभार्थी, आवास प्लस सूची के पात्र परिवार और मुख्यमंत्री आवास योजना के हितग्राही शामिल हैं। राज्य सरकार इस संकल्प को मिशन मोड में पूरा करने में जुटी हुई है।
वर्ष 2025-26 में बने 6 लाख से अधिक आवास
राज्य ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 लाख से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण पूरा कर देश में पहला स्थान हासिल किया है। आवास निर्माण की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच प्रतिदिन करीब 2000 मकान तैयार किए गए। वर्तमान में भी रोजाना 1600 से अधिक आवास पूरे किए जा रहे हैं, जो देश में सबसे अधिक है।
सरकार ने दिए 26,908 करोड़ रुपए
आवास निर्माण कार्यों को तेजी देने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 26 हजार 908 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पुराने अधूरे मकानों को पूरा करने के साथ-साथ नए पात्र परिवारों के लिए भी तेजी से आवास स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा वन क्षेत्रों में पीएम जनमन योजना के तहत 33,601 आवास और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष परियोजना के अंतर्गत 15 हजार अतिरिक्त आवास भी बनाए जा रहे हैं।
महिलाओं की भागीदारी से मिली नई ताकत
आवास निर्माण अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही है। समूहों से जुड़ी महिलाएं “डीलर दीदी” और “रानी मिस्त्री” बनकर निर्माण कार्यों में सहयोग कर रही हैं। इससे हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं। वहीं गांवों में स्थापित अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों ने भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं को आसान बनाकर अभियान को मजबूती दी है।
गरीबों के सम्मान और सुरक्षा की नींव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देना है। उन्होंने कहा कि 10.60 लाख से अधिक आवासों का निर्माण जनविश्वास और सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। सरकार हर जरूरतमंद परिवार तक पक्का घर पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और तेजी से कार्य कर रही है। यह अभियान आत्मनिर्भर, समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
