Earthquake: अब भारत में एक ऐसा सरकारी ऐप मौजूद है, जो समय पर आपदा की चेतावनी देने में सक्षम है।
Earthquake: रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में रिक्टर स्केल पर 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया, जो दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप माना जा रहा है। भारतीय समयानुसार सुबह 4:54 बजे आए इस भूकंप से भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। इस बीच, गूगल (Google) ने माना है कि उसका भूकंप चेतावनी सिस्टम प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाया, जिससे लोगों को समय पर अलर्ट नहीं मिल सका। ऐसे में भारत में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की ‘Sachet’ ऐप लोगों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है, जो भूकंप सहित अन्य आपदाओं की रियल-टाइम चेतावनी देती है।

आपको बता दें कि गूगल ने 6 फरवरी 2023 को तुर्की में आए भयानक भूकंप के दौरान अपनी नाकामी स्वीकार की थी। इस भूकंप में गूगल का ‘Android Earthquake Alerts’ सिस्टम 1 करोड़ से अधिक लोगों तक चेतावनी नहीं पहुंचा सका और केवल 469 अलर्ट भेजे गए। यह फीचर तेज भूकंप के लिए ‘Take Action’ अलर्ट के साथ सायरन बजाता है और टेबल के नीचे या दीवार की आड़ लेने जैसे सुरक्षात्मक कदमों की जानकारी देता है। हालांकि, इसकी विफलता ने इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं।
ये भी पढ़ेंः Doctor: अब इलाज के लिए डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं, AI की मदद से मिलेगा बेहतर इलाज!
गूगल अलर्ट सेटिंग कैसे करें?
भले ही गूगल का सिस्टम तुर्की में नाकाम रहा हो, फिर भी इसे अपने एंड्रॉयड फोन में सक्रिय करना एक अतिरिक्त सुरक्षा उपाय हो सकता है। इसके लिए फोन की सेटिंग्स में जाएं, ‘Safety and Emergency’ पर टैप करें, फिर ‘Earthquake Alerts’ चुनकर टॉगल को ऑन करें। इससे भूकंप के अलर्ट आपके फोन पर आ सकते हैं, लेकिन केवल इस पर निर्भर रहना उचित नहीं है।
आपदाओं का भरोसेमंद साथी ‘Sachet’ ऐप
भारत में रहने वालों के लिए NDMA द्वारा विकसित ‘Sachet’ ऐप एक बेहतरीन विकल्प है। यह ऐप कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है और भूकंप, बाढ़, चक्रवात, सुनामी, जंगल की आग जैसी आपदाओं की लोकेशन-आधारित रियल-टाइम चेतावनियां देती है। यह ऐप 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और आपदा के दौरान क्या करें और क्या न करें जैसी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान करती है। साथ ही, यह भारतीय मौसम विभाग (IMD) से दैनिक मौसम अपडेट्स भी देता है। Sachet ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
क्यों जरूरी है Sachet ऐप?
रियल-टाइम और जियो-टारगेटेड अलर्ट्स के साथ, Sachet ऐप नागरिकों को आपदाओं से पहले तैयार होने में मदद करता है। यह न केवल मौजूदा लोकेशन के लिए अलर्ट देता है, बल्कि यूजर्स किसी भी राज्य या जिले के लिए अलर्ट सब्सक्राइब कर सकते हैं। ऐप में हेल्पलाइन नंबर, आपदा प्रभावित क्षेत्र की जानकारी और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए रीड-आउट फीचर भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ में इस ऐप के इस्तेमाल की सलाह दी है।
ये भी पढ़ेंः Google Map: गूगल मैप का इस्तेमाल करने वाले सावधान! रास्ता ऐसा दिखाया की पानी में जा गिरी कार
Sachet ऐप को डाउनलोड करने के लिए Android यूजर्स Play Store और iOS यूजर्स App Store पर जा सकते हैं। यह ऐप आपदा प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भारत को आपदा-प्रतिरोधी बनाने की दिशा में योगदान दे रहा है।
