Cyber Fraud: नोएडा से एक चौंकाने वाली साइबर ठगी की घटना सामने आई है।
Cyber Fraud: नोएडा से एक चौंकाने वाली साइबर ठगी (Cyber Fraud) की घटना सामने आई है। सेक्टर-11 निवासी एक कारोबारी से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट (Friend Request) भेजकर शुरू हुई दोस्ती के जरिए ठगों ने करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन (Cyber Crime Police Station) सेक्टर-36 में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर…

पीड़ित कारोबारी ने खोया सब कुछ
आपको बता दें कि पीड़ित नितिन पांडे ग्रेटर नोएडा में गत्ता उत्पादन की फैक्ट्री चलाते हैं। उनके अनुसार, यह ठगी 25 जून 2025 से शुरू हुई जब फेसबुक पर सुनेहा शर्मा नाम की एक महिला ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। महिला ने खुद को जबलपुर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली बताया। पहले सामान्य बातचीत हुई, फिर व्हाट्सएप पर संपर्क बढ़ा और महज 10 दिन में महिला ने नितिन का पूरा भरोसा जीत लिया।
फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर शुरू हुई ठगी
महिला ने नितिन को FINALTO नाम के कथित फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने की सलाह दी। 1520% तक मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट और जाली ट्रेडिंग रिपोर्ट्स दिखाकर उसने नितिन को लालच दिया। 4 जुलाई को नितिन ने शुरुआत में 50 हजार रुपये निवेश किए। जैसे ही पैसा लगा, प्लेटफॉर्म पर फर्जी मुनाफा दिखना शुरू हो गया, जिससे उनका भरोसा और पक्का हो गया।
रिश्तेदारों से उधार, बैंक से लोन
लालच में आकर नितिन ने धीरे-धीरे बड़ी रकम डालनी शुरू की। रिश्तेदारों से उधार लिया, बैंक से लोन उठाया और कुल 2 करोड़ 90 लाख रुपये उस फर्जी प्लेटफॉर्म में लगा दिए। प्लेटफॉर्म पर दिखाई जा रही राशि लगातार बढ़ती गई और कुछ समय में 7.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। नितिन को लगा कि वे अब करोड़पति बन गए हैं।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
पैसे निकालने की कोशिश की तो खुला ठगी का राज
जब नितिन ने बढ़ी हुई रकम निकालने की कोशिश की तो बार-बार विड्रॉल फेल हो गया। कई प्रयासों के बाद भी पैसा नहीं निकला। उन्होंने महिला से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया और फिर फेसबुक व व्हाट्सएप दोनों पर ब्लॉक कर दिया। तभी नितिन को एहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर गिरोह के शिकार हो गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का एहसास होते ही नितिन ने साइबर क्राइम थाना सेक्टर-36 में शिकायत दर्ज कराई। अपर पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश स्कीम में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, क्योंकि साइबर ठग फर्जी पहचान और भारी मुनाफे के लालच से लोगों को ठग रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः Helmet: बाज़ार में आया Ignyte का हेलमेट, बुलेट प्रूफ जैकेट जैसी सुरक्षा का दावा
साइबर ठगी से बचने के उपाय
संदिग्ध लिंक और ईमेल से बचें
कभी भी अनजाने ईमेल, मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें। ठग अक्सर फर्जी वेबसाइट या लिंक भेजकर आपका बैंक या व्यक्तिगत डेटा चुराते हैं।
व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें
क्रेडिट कार्ड, बैंक खाता, पासवर्ड, OTP या पिन जैसी संवेदनशील जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट को न दें।
सॉफ्टवेयर और ऐप अपडेट रखें
मोबाइल, लैपटॉप और बैंकिंग ऐप हमेशा अपडेट रखें। पुराने संस्करण में सुरक्षा की कमजोरी हो सकती है, जिसका ठग फायदा उठा सकते हैं।
सुरक्षित पासवर्ड बनाएं
जटिल और लंबा पासवर्ड चुनें और अलग-अलग अकाउंट्स के लिए अलग पासवर्ड रखें।
संदेह होने पर बैंक या संस्था से संपर्क करें
अगर कोई संदेश या कॉल संदेहजनक लगे, सीधे बैंक या संबंधित संस्था से संपर्क करें।
ये भी पढ़ेंः Vehicle Fitness: गाड़ी रखने वालों के लिए बुरी ख़बर, अब पहले से 10 गुना ज़्यादा जेब कटेगी
साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का उपयोग करें
यदि ठगी या धोखाधड़ी की घटना हो, तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।
