Chhattisgarh News: प्रदेश में पेट्रोल और डीजल को लेकर किसी भी तरह की कमी नहीं है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सरकार ने कहा है कि लोगों को किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। पश्चिम एशिया में बने हालात को देखते हुए राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि आपूर्ति में कोई रुकावट न आए।
पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है ईंधन
अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। राज्य के 2516 पेट्रोल पंपों और ऑयल कंपनियों के डिपो में भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। नियमित रूप से इसकी समीक्षा की जा रही है, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मांग से ज्यादा हुई आपूर्ति
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में पेट्रोल की जरूरत 1.01 लाख किलोलीटर थी, जबकि 1.27 लाख किलोलीटर की आपूर्ति की गई। वहीं अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल मिल चुका है। इसी तरह डीजल की आपूर्ति भी जरूरत से ज्यादा रही है, जिससे साफ है कि मांग के अनुसार सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
जमाखोरी पर सख्ती और निगरानी
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सभी जिलों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा राज्य और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। आम लोगों की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 भी चालू है।
वर्तमान स्टॉक की स्थिति
वर्तमान में प्रदेश में लगभग 77,111 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जो करीब 22 दिनों के लिए पर्याप्त है। वहीं 84,295 किलोलीटर डीजल मौजूद है, जो लगभग 15 दिनों की जरूरत को पूरा कर सकता है। सरकार ने फिर से भरोसा दिलाया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति लगातार सामान्य बनी हुई है।
