Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए 5 बड़े मिशन मोड कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इन मिशनों के तहत चिन्हित क्षेत्रों में तेज और केंद्रित काम किया जाएगा। अगले 5 वर्षों तक हर मिशन के लिए कम से कम 100-100 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। इन पहलों का मकसद राज्य को तकनीक, खेल, पर्यटन, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
1) मुख्यमंत्री AI मिशन: तकनीक में आगे बढ़ता छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री AI मिशन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को उभरती तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। इसके तहत युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। AI आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य और उद्योग में AI का उपयोग बढ़ाएगी। डिजिटल गवर्नेंस और स्मार्ट समाधान को भी मजबूत किया जाएगा। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ सिर्फ तकनीक अपनाने वाला नहीं, बल्कि तकनीक में नेतृत्व करने वाला राज्य बने।
2) मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन: हर गांव से खिलाड़ी
इस मिशन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को जमीनी स्तर से पहचानना और उन्हें आगे बढ़ाना है। राज्य में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर सकें। महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी खास जोर रहेगा। सरकार का लक्ष्य है — हर गांव से खिलाड़ी निकले और हर खिलाड़ी को अवसर मिले।
3) मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन: पहचान और रोजगार
पर्यटन विकास मिशन के तहत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। थीम आधारित पर्यटन सर्किट बनाए जाएंगे। मेले, उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा।
होमस्टे और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहन दिया जाएगा। टूर गाइड के लिए स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इससे स्थानीय हस्तशिल्प और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। पर्यटन से राज्य को नई पहचान भी मिलेगी और रोजगार भी बढ़ेगा।
4) मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन: विकास की मजबूत नींव
अधोसंरचना मिशन का लक्ष्य राज्य की बड़ी परियोजनाओं का गैप एनालिसिस करना और प्राथमिकता तय करना है। इसके आधार पर रोडमैप बनाकर तेजी से काम किया जाएगा।
सड़क, पुल, भवन और अन्य विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। मजबूत अधोसंरचना से ही राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
5) मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन: युवा बनेंगे जॉब क्रिएटर
स्टार्टअप मिशन के तहत युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाया जाएगा। उन्हें तकनीकी, वित्तीय और संस्थागत सहायता दी जाएगी। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
NIPUN मिशन (New Age Industrial Preparedness for Upskilling New Generation Youth) के तहत युवाओं को उद्योग की जरूरत के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई तकनीक से जुड़े रोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे, ताकि युवा भविष्य की इंडस्ट्री के लिए तैयार हो सकें। इन 5 मुख्यमंत्री मिशनों के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को तकनीक, खेल, पर्यटन, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा देना चाहती है। अगर योजनाओं का सही और तेज क्रियान्वयन हुआ, तो आने वाले वर्षों में राज्य विकास की नई मिसाल बन सकता है।
