Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में यातायात व्यवस्था को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने राज्य के विभिन्न जिलों में 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंजूर इस राशि से कुल 90.5 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और यात्रा का समय घटेगा। साथ ही, बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग जिले में चार प्रमुख फोरलेन परियोजनाएं
लोक निर्माण विभाग ने दुर्ग जिले में कई महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया है। इनमें दुर्ग-धमधा-बेमेतरा अंडर ब्रिज से अग्रसेन चौक तक 0.5 किमी फोरलेन मार्ग, स्मृति नगर पेट्रोल पंप से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी फोरलेन सड़क, मिनी माता चौक से महाराजा चौक-ठगड़ा बांध तक 4.70 किमी फोरलेन मार्ग और महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 1.80 किमी फोरलेन सड़क शामिल हैं।
रायगढ़ में बायपास और चौड़ीकरण परियोजनाओं को मिली मंजूरी
रायगढ़ जिले में ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 2.50 किमी फोरलेन चौड़ीकरण, रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग और रायगढ़-लोईंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण सहित कई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही 6 किमी लंबा तमनार फोरलेन बायपास भी बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगमता बढ़ेगी।
रायपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर में भी सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
रायपुर जिले में अभनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 और राजिम क्षेत्र में नई फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी सड़क का चौड़ीकरण और बिलासपुर में 13.40 किमी लंबा कोनी-मोपका फोरलेन बायपास मार्ग बनाया जाएगा।
कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग में 21 किमी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की भी योजना है।
जशपुर और कबीरधाम जिलों में भी सड़क उन्नयन कार्य
जशपुर जिले में कुल 7.30 किमी लंबाई की तीन सड़कों को फोरलेन में उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के एक हिस्से में फोरलेन उन्नयन और डिवाइडर निर्माण का कार्य भी किया जाएगा।
आर्थिक विकास और सुरक्षित यातायात को मिलेगा बढ़ावा: उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़कों का विस्तार केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार तैयार करता है।
उन्होंने बताया कि अधोसंरचना विकास में बड़े पैमाने पर निवेश से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।
