Bihar News

Bihar News: बिहार में 17 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होगी आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई, 200 लोगों को मिलेगा रोजगार

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार के खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए Moogy Foods Private Limited को वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र (आईए) गोरौल फेज-1 में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है। लगभग 17.25 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली यह परियोजना राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी गति देगी।

200 रोजगार अवसरों का होगा सृजन

प्रस्तावित इकाई लगभग 2 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी, जहां कुरकुरे, पफ्स और अन्य रेडी-टू-ईट स्नैक उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 200 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे।

परियोजना समाशोधन समिति ने दी मंजूरी

इस परियोजना को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई। उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया गया।

इसी क्रम में Moogy Foods Private Limited को गोरौल फेज-1 में खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की मंजूरी दी गई।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

इस परियोजना के शुरू होने से राज्य में मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कृषि आधारित उत्पादों की प्रोसेसिंग और खाद्य उद्योग से जुड़े निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रही सरकार

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को राज्य के औद्योगिक विकास का प्रमुख आधार बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

निवेशक-अनुकूल माहौल से बढ़ रहा भरोसा

उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बढ़ते निवेश से राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे।

राज्य सरकार का मानना है कि ऐसे निवेश बिहार को खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण क्षेत्र में एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।