Bihar News

Bihar News: इंटर-स्कूल क्रॉसवर्ड चैंपियनशिप में पुणे के छात्र का शानदार प्रदर्शन, डीपीएस पटना के छात्र बने बिहार टॉपर

बिहार
Spread the love

Bihar News: देशभर में आयोजित 14वीं इंटर-स्कूल CCCC क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड कॉन्टेस्ट के प्रैक्टिस राउंड में पुणे के सूर्यदत्ता नेशनल स्कूल के छात्र साहिल संदीप सबने ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। साहिल ने इस प्रतियोगिता में एकल प्रतिभागी के रूप में भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दो सदस्यीय टीम के रूप में भाग लेने का विकल्प भी दिया जाता है।

हैदराबाद और पटना के छात्रों ने भी किया बेहतरीन प्रदर्शन

इस प्रतियोगिता में हैदराबाद के भारतीय विद्या भवन पब्लिक स्कूल (विद्याश्रम) की अंजलि नंदूरी और आराध्या रंजीथ की टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। वहीं तीसरे स्थान पर पटना के डॉन बॉस्को अकादमी के धैर्य पांडेय रहे, जिन्होंने एकल प्रतिभागी के रूप में भाग लिया।

डीपीएस पटना के छात्र नन्या देव सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिहार में स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।

छोटे शहरों के छात्रों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि

यदि प्रैक्टिस राउंड के परिणामों को देखा जाए, तो बिहार के छोटे शहरों के छात्रों ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। इस बार ग्रामीण और छोटे शहरों से छात्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

दरभंगा, भागलपुर, अररिया और जमुई जैसे जिलों के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया।

लड़कियों ने भी दिखाई प्रतिभा, कई जिलों में बनीं टॉपर

इस प्रतियोगिता में लड़कियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लड़कों को कड़ी टक्कर दी।
आरा (भोजपुर), लखीसराय, औरंगाबाद और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में छात्राओं की टीमों ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शिक्षा और प्रतियोगी गतिविधियों में बेटियां भी आगे बढ़ रही हैं।

12, 19 और 26 अप्रैल को होंगे स्कोरिंग राउंड

दुनिया की सबसे बड़ी स्कूल क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता ‘CCCC’ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रारूपों में आयोजित की जाती है। प्रैक्टिस राउंड में प्रतिभागियों को अंक नहीं दिए जाते, लेकिन इससे उन्हें प्रतियोगिता के स्तर को समझने और आगे की तैयारी करने का अवसर मिलता है।

इस चैंपियनशिप के अगले तीन स्कोरिंग राउंड लगातार तीन रविवार—

  • 12 अप्रैल
  • 19 अप्रैल
  • 26 अप्रैल

को आयोजित किए जाएंगे।

ग्रैंड फिनाले में राष्ट्रीय स्तर पर होगी अंतिम प्रतियोगिता

स्कोरिंग राउंड में चयनित प्रतिभागी दूसरे चरण के फेस-टू-फेस ऑनलाइन राउंड में पहुंचेंगे। इस चरण को पार करने वाले छात्र वर्ष के अंत में राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ऑफलाइन ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे, जहां वे राष्ट्रीय क्रॉसवर्ड चैंपियन ट्रॉफी के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी और विजेताओं की पूरी सूची crypticsingh.com वेबसाइट पर उपलब्ध है।