Bihar News:बिहार गृह विभाग की समीक्षा बैठक: लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, विभागीय समन्वय पर जोर

बिहार
Spread the love

Bihar News: पटना, 18 जुलाई। बिहार गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रभागों के लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कई प्रभागों के लंबित मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में पुलिस मुख्यालय, आधुनिकीकरण प्रभाग, प्रोविजनिंग प्रभाग, साइबर प्रभाग, मद्य निषेध एवं स्वापक ब्यूरो, प्रशिक्षण प्रभाग, ईआरएसएस (ERSS) परियोजना, सुरक्षा प्रभाग, विशेष शाखा, सीआईडी, कमजोर वर्ग प्रभाग, रेल पुलिस, यातायात प्रभाग और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस सहित विभिन्न इकाइयों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मामलों की स्थिति से अवगत कराया।

समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

गृह सचिव कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण में जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

गृह विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक के दौरान गृह सचिव ने गृह विभाग और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी समन्वय से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, पुलिस व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और राज्य में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन, अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद, सुनील कुमार, अजिताभ कुमार, सुधांशु कुमार, अमित कुमार जैन, पारस नाथ, नैयर हसनैन खान, आईजी (मुख्यालय) मनोज कुमार, गृह विभाग के विशेष सचिव, संयुक्त सचिव सहित गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित प्रभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।