Bihar News

Bihar News: सोमनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों ने किया निरीक्षण

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार द्वारा आयोजित होने वाली ‘सोमनाथ यात्रा’ की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा के सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

निरीक्षण में निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय रूबी (भा.प्र.से.), निदेशक, संग्रहालय कृष्ण कुमार (भा.प्र.से.) सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र और सामान प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

समयबद्ध और व्यवस्थित तैयारियों के निर्देश

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुरक्षित और गरिमामय यात्रा पर जोर

कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि सोमनाथ यात्रा बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहल है। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रेलवे प्रशासन के साथ हुई समीक्षा बैठक

निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

20 जुलाई को रवाना होगी विशेष ट्रेन

उल्लेखनीय है कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के तहत आयोजित यह विशेष यात्रा 20 जुलाई 2026 को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। लगभग 1100 श्रद्धालु विशेष रेलगाड़ी से सोमनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।

यात्रा के दौरान रेल यात्रा, भोजन, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा, विशेष किट और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं बिहार सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।