विश्व शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना
प्रजापिता ब्रह्मा ही परमात्मा शिव के सच्चे नंदी एवं सच्चे भागीरथ हैं
Bhopal News: ब्रह्माकुमारीज के साकार संस्थापक पिताश्री प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 56वीं पुण्यतिथि को सुख शांति भवन में विश्व शांति दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीके राम भाई जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि कैसे दादा लेखराज, जो बचपन में एक साधारण शिक्षक के घर जन्मे थे, प्रख्यात प्रजापिता ब्रह्मा के रूप में प्रसिद्ध हुए।
ये भी पढ़ेः MP News: CM मोहन यादव ने सिवनी को दिए करोड़ों की सौगात, किसानों को लेकर किया बड़ा ऐलान

बीके राम भाई ने आगे बताया कि दादा लेखराज के अंदर बचपन से ही भक्ति और ईश्वर के प्रति समर्पण भाव था। वह एक प्रसिद्ध हीरे-जवाहरात के व्यापारी बने, लेकिन उनकी भक्ति और संसार से वैराग्य की भावना निरंतर बनी रही। 1936 में परमात्मा के दिव्य साक्षात्कारों के बाद, उन्हें सृष्टि के आदि-मध्य-अंत का रहस्य समझाया गया और बताया गया कि वर्तमान समय कलयुग के अंत का समय है, जब परमात्मा शिव ने दादा लेखराज के तन में अवतार लेकर नई सतयुगी सृष्टि की स्थापना का कार्य आरंभ किया। परमात्मा शिव ने उन्हें प्रजापिता ब्रह्मा नाम से सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आर्क बिशप डॉक्टर एएएस दुरईराज एसवीडी पधारे। उन्होंने प्रभु यीशु और ईसाई धर्म के अनुयायियों की ओर से विश्व शांति के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने विश्व शांति और प्रेम के लिए अपना सर्वोच्च त्याग किया और हम सभी को मिलकर आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।

ज्योतिषाचार्य पंडित श्री गौतम विनोद जी ने शांति की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शांति के बाद भी एक उच्चतर शांति है, और इसके लिए हमें अपने भीतर की शांति की ओर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

गायत्री परिवार के प्रतिनिधि रघुनाथ प्रसाद हजारी जी ने गायत्री मंत्र का सामूहिक उच्चारण कर विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। मध्य प्रदेश आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्थान की स्टेट कोऑर्डिनेटर हिमांशी गुप्ता ने कहा कि हमें अपने कर्मों के माध्यम से दूसरों से वही व्यवहार अपेक्षित करना चाहिए, जो हम खुद चाहते हैं।

बौद्ध भिक्षुणी संघमित्रा जी ने प्रार्थना कर विश्व शांति के प्रकल्पन फैलाने का आह्वान किया। इस्कॉन के युवा संत श्याम कुंड प्रभु ने हरे रामा हरे कृष्णा मंत्र का जाप कर ध्यान कराया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी साक्षी दीदी ने राजयोग ध्यान का अभ्यास कराते हुए सभी को गहन शांति और शक्ति के वाइब्रेशन को सम्पूर्ण विश्व में फैलाने की प्रेरणा दी। उन्होंने सृष्टि ग्लोब में सभी आत्माओं, प्रकृति के पांचों तत्वों और जीव-जंतुओं को शांति और शक्ति के विकिरण से एक सकारात्मक और शक्तिशाली वातावरण बनाने की प्रक्रिया साझा की।

ये भी पढ़ेः MP News: एमपी से गरीबी दूर करने का मोहन यादव सरकार ने लिया संकल्प, शुरू किया खास मिशन

कार्यक्रम के अंत में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी नीता दीदी ने अपनी आध्यात्मिक जीवन यात्रा और ब्रह्मा बाबा के साथ के अनुभवों को साझा करते हुए सभी को लाभान्वित किया। इस कार्यक्रम में बोहरा समाज का प्रतिनिधि मंडल भी उपस्थित था। अंत में सभी ने मिलकर पुष्प अर्पण कर पिताश्री प्रजापिता ब्रह्मा बाबा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
