हरियाणा के कुरुक्षेत्र की जंग में जीत AAP की होगी: सुशील गुप्ता

TOP स्टोरी
Spread the love

ज्योति शिंदे, एडिटर, ख़बरीमीडिया

Lok Sabha Election 2024: देशभर में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। 5 चरणों के चुनाव हो चुके हैं। 2 चरणों के बाकी हैं। 4 जून को स्थिति साफ हो जाएगी कि देश में किसकी सरकार बनने जा रही है।

इधर हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान जोरों पर चल रहा है। कुरुक्षेत्र का नाम आते ही उस युद्ध का स्मरण हो आता है जिसे भीषण जंग के लिए जाना जाता है। कुरुक्षेत्र की इस धरा पर ही महाभारत की लड़ाई हुई। यहीं कृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया। इन चुनाव में भी कुरुक्षेत्र में ऐसी ही चुनावी महाभारत चल रही है जिसमें राजनीतिक दलों ने जीत के लिए जी जान लगा दी है। उत्तरी हरियाणा में आम आदमी पार्टी (Aam Admi Party) की सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस ने यह सीट AAP के खाते में दे दी है ।

आप ने यहां राज्यसभा के सदस्य रहे उद्योगपति डॉ. सुशील गुप्ता (Aap Candidate Dr. Sushil Gupta) को टिकट दिया है। वहीं बीजेपी ने भी कांग्रेस छोड़कर आए उद्योगपति और दो बार यहां से कांग्रेस के सांसद रहे नवीन जिंदल (BJP’s Candidate Naveen Jindal) को मैदान में उतारा है। जिंदल के पिता भी यहां से सांसद रह चुके हैं।

वहीं इनेलो ने अभय चौटाला(INLD Candidate Abhay Chautala) को मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 31 उम्मीदवार कुरुक्षेत्र सीट से ही चुनावी मैदान में हैं।

इस बार कुरुक्षेत्र की जनता AAP के साथ-सुशील गुप्ता

कुरुक्षेत्र का चुनाव कौन जीतेगा, ग्राउंड पर क्या मुद्दे सुलग रहे हैं…जानकारों के मुताबिक मुकाबला कांटे का है। वहीं इंडिया गठबंधन के कुरूक्षेत्र लोकसभा प्रत्याशी एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि रण की भूमि महाभारत की नगरी कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव में मुझे बैलेट नंबर 5 मिला है जो पांच पांडव हैं, पांच पांडव की जीत निश्चित है।उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के अंदर भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद है। भगवान श्री कृष्णा हमारे साथ हैं सत्य और धर्म हमारे साथ है। इसके अलावा गुप्ता ने कहा कि चुनाव मशीन पर बैलेट नंबर 5 मिलना संयोंग नहीं है, बल्कि 5 पांडव का आशीर्वाद है। डॉ.सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा के जुल्म का जवाब जनता वोट की चोट से देगी।

2014 के चुनाव में मोदी लहर में बीजेपी के राजकुमार सैनी (Rajkumar Saini) यहां से चुनाव जीतने में सफल हुए थे। इनेलो के बलबीर सैनी दूसरे स्थान पर रहे और नवीन जिंदल तीसरे स्थान पर रहे थे। तब से जिंदल ने इस सीट से किनारा कर लिया और 2019 में चुनाव नहीं लड़ा।

हरियाणा के मौजूदा सीएम नायब सिंह सैनी ने पिछला चुनाव यहां से बड़े अंतर से जीत लिया था। इस बार जिंदल बीजेपी में आ गए हैं और एक घंटे के भीतर ही उन्हें प्रत्याशी घोषित कर दिया गया।

जहां तक इनेलो की बात है, उसका इस क्षेत्र में कभी व्यापक जनाधार रहा है लेकिन दो बार उसके सांसद जीते भी हैं। जातिगत समीकरणों को देखते हुए इनेलो सुप्रीमो और पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला के पुत्र और पार्टी के इकलौते विधायक अभय चौटाला कुरुक्षेत्र से मैदान में हैं।

कुरुक्षेत्र में सीटों का समीकरण

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में 9 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कैथल जिले के कैथल, गुहला, पुंडरी तथा कलायत विधानसभा क्षेत्र, कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर, शाहाबाद, लाडवा और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र और यमुनानगर जिले का एक विधानसभा क्षेत्र रादौर इस सीट में आता है। गुहला, शाहाबाद तथा रादौर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सीट पर 18 लाख वोटर्स हैं, जिनमें 14 फीसदी जाट, ब्राह्मण और सैनी जाति के 8-8 प्रतिशत वोट हैं। पंजाबी और जट सिख वोट भी काफी संख्या में है।